)
Gaza News: गाजा में बुधवार को इजरायली हमलों में कम से कम 80 लोगों की मौत हो गई, वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ से गाजा में बंधकों की रिहाई को लेकर बातचीत की है. बंधकों को छुड़ाने को लेकर कतर की राजधानी दोहा में बातचीत चल रही है, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी बुधवार को मौजूद थे.
नेतन्याहू के दफ्तर ने कहा कि उन्होंने स्टीव विटकॉफ और उनकी टीम से बंधकों और लापता लोगों के मुद्दे पर चर्चा की है बाद में विटकॉफ ने कहा कि ट्रंप ने कतर के अमीर से इस मुद्दे पर काफी पॉजीचिव बातचीत की है और उन्होंने कहा,"हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और हमारे पास एक अच्छा प्लान है."
गाजा के नागरिक सुरक्षा अधिकारी मोहम्मद अल-मुघय्यिर ने बीती शाम बताया था कि सुबह से अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 59 लोग गाजा के उत्तरी हिस्से में मारे गए हैं. एक शख्स जिसके रिश्तेदार मारे गए हैं, उसने कहा,"अब रहने लायक घर नहीं हैं. न खाना है, न पानी. जो हवाई हमलों से नहीं मरते, वो भूख से मरते हैं, और जो भूख से नहीं मरते, वो दवा के अभाव में मर जाते हैं."
वेस्ट बैंक के फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर सीजफायर चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नेतन्याहू जानबूझकर युद्ध जारी रखना चाहते हैं. उत्तरी गाजा के इंडोनेशियाई अस्पताल में काम करने वाले एक इमरजेंसी डॉक्टर मोहम्मद अवाद ने बताया कि दवा और संसाधनों की भारी कमी की वजह से घायल लोगों का ठीक से इलाज नहीं हो पा रहा है.
उन्होंने कहा,"अस्पताल में बिस्तर नहीं हैं, दवा नहीं है, और न ही सर्जरी या इलाज के पर्याप्त साधन हैं. कई घायल इलाज न मिलने की वजह से मर रहे हैं." उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की मोर्चरी भर चुकी है और शहीदों की लाशें अब अस्पताल की फर्श पर रखी जा रही हैं. हालात बेहद भयावह है.