Gaza War: इजराइल और हमास के बीच जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है और इस बीच अमेरिका ने 21 प्वाइंट्स का एक प्रस्ताव पेश किया है. जिसका मकसद गाजा में चल रही जंग को पूरी तरह से रोकना है. आइये जानते हैं वे 21 प्वाइंट्स.
Trending Photos
)
Gaza War: अमेरिका ने गाज़ा जंग को खत्म करने और मुस्तकबिल में फ़िलिस्तीनी राज्य के तामीर का रास्ता खोलने के लिए 21 प्वाइंट्स का एक प्रस्ताव पेश किया है. टाइम्स ऑफ़ इज़रायल की रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें बंधकों की तुरंत रिहाई, गाज़ावासियों को वहीं रहने के लिए प्रोत्साहित करने और शांतिपूर्वक रहने के लिए तैयार हमास सदस्यों को आम माफी देने जैसी बातें शामिल हैं. आइये जानते हैं कि वह 21 प्वाइंट्स का क्या प्रस्ताव है.
1. गाज़ा को एक दहशतगर्दी-मुक्त और सुरक्षित इलाक़ा बनाया जाएगा, जो पड़ोसी देशों के लिए ख़तरा न हो.
2. गाज़ा पट्टी को दोबारा तामीर करना होगा ताकि वहां के लोगों की ज़िंदगी बेहतर हो सके.
3. योजना मानने पर दोनों पक्ष तुरंत सीजफायर करेंगे, इज़रायल मिलिट्री ऑपरेशन रोक देगा और धीरे-धीरे गाज़ा से पीछे हटेगा.
4. इज़रायल के कबूल करने के 48 घंटे में सभी बंधकों (जिंदा और मृत) को लौटाया जाएगा.
5. इसके बाद इज़रायल सैकड़ों फ़िलिस्तीनी क़ैदियों, 1,000 से ज़्यादा बंदी गाज़ावासियों और सैकड़ों लाशों को वापस करेगा.
6. जो हमास मेंबर शांतिपूर्ण सहअस्तित्व की शपथ लेंगे, उन्हें आम माफी मिलेगी. जो जाना चाहेंगे, उन्हें सुरक्षित रास्ता और शरण देने वाले देश में भेजा जाएगा.
7. मानवीय सहायता रोज़ाना कम से कम 600 ट्रकों के स्तर पर बहाल होगी, साथ ही मलबा हटाने और ढांचे की मरम्मत शुरू होगी.
8. राहत सामग्री का बंटवारा सिर्फ़ अंतरराष्ट्रीय संगठनों (जैसे UN और रेड क्रिसेंट) के जरिए किया जाएगा.
9. गाज़ा का शासन फ़िलिस्तीनी तकनीकी विशेषज्ञों की अस्थायी प्रशासनिक टीम के हाथ में होगा. इस पर अमेरिका, अरब और यूरोपीय साझेदारों की निगरानी में एक नई अंतरराष्ट्रीय समिति नज़र रखेगी.
10. गाज़ा को पुनर्निर्माण के लिए एक व्यापक आर्थिक योजना दी जाएगी, जिसमें रोज़गार और निवेश के अवसर बनाए जाएंगे.
11. एक खास आर्थिक ज़ोन बनाया जाएगा जहां शामिल देशों को कर रियायतें और व्यापारिक सुविधा दी जाएगी.
12. गाज़ा के किसी भी निवासी को जाने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा. जो जाएंगे, उन्हें वापसी का अधिकार होगा.
13. गाज़ा की सरकार से हमास को बाहर रखा जाएगा और सभी सैन्य ढांचे जैसे सुरंगें तबाह की जाएंगी.
14. क्षेत्रीय देश सुरक्षा की गारंटी देंगे ताकि सभी पक्ष समझौते का पालन करें.
15. अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की मदद से एक अस्थायी स्थिरता बल गाज़ा में तैनात किया जाएगा, जो सुरक्षा संभालेगा और फ़िलिस्तीनी पुलिस को ट्रेन करेगा.
16. इज़रायल न तो गाज़ा को अपने कब्ज़े में लेगा और न स्थायी रूप से वहां ठहरेगा. धीरे-धीरे कंट्रोल इंटरनेशनल फोर्सेस को सौंपा जाएगा.
17. अगर हमास प्रस्ताव टालता या ठुकराता है तो ये कदम उन इलाक़ों में लागू होंगे जो आतंकवाद से मुक्त हो चुके हैं.
18. इज़रायल क़तर पर हमले से बचेगा, जबकि अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय समुदाय संघर्ष में दोहा की मध्यस्थ भूमिका को मान्यता देंगे.
19. दहशतवाद-विरोधी और संवाद कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनमें अंतरधार्मिक पहलें शामिल होंगी ताकि गाज़ा और इज़रायल के बीच भरोसा बढ़े.
20. जब गाज़ा का पुनर्निर्माण आगे बढ़ेगा और फ़िलिस्तीनी अथॉरिटी अपने सुधार कार्यक्रम पूरे करेगी, तब फ़िलिस्तीनी राज्य के निर्माण का रास्ता खुलेगा.
21. अमेरिका इज़रायल और फ़िलिस्तीन के बीच लंबी अवधि के राजनीतिक ढांचे पर बातचीत को बढ़ावा देगा, जिससे स्थायी शांति स्थापित हो सके.