)
Hamas Agrees on Trump Plan: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को इज़राइल से कहा कि वह गाज़ा में तुरंत बमबारी बंद करे. यह अपील तब आई जब हमास ने बंधकों की रिहाई और ट्रंप की शांति प्लान के कुछ प्वाइंट्स रज़ामंदी जताई है. हमास के लीडर मौसा ने कहा है कि वह आने वाली फिलिस्तीनी अथॉरिटी को हथियार सौंपेगे. जो यहां राज करेगा उसके हाथ में हथियार होंगे.
- हमास ने अपने बयान में कहा कि वह अरब, इस्लामी और अंतरराष्ट्रीय कोशिशों, साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप की कोशिशों की सराहना करता है, जो गाज़ा पर युद्ध खत्म करने, कैदियों की अदला-बदली और तत्काल मानवीय सहायता की एंट्री से जुड़ी हैं.
- हमास ने कहा कि वह सभी इज़राइली कैदियों- ज़िंदा और मरे हुए दोनों को ट्रंप की योजना में बताए गए फॉर्मूले के मुताबिक रिहा करने के लिए तैयार है.
- संगठन ने यह भी कहा कि वह मीडिएटर्स के जरिए तुरंत बातचीत शुरू करने और बारीकियों पर चर्चा करने के लिए तैयार है.
- हमास ने गाज़ा प्रशासन को एक आज़ाद तकनीकी फिलिस्तीनी निकाय को सौंपने की भी बात कही, जिसे अरब और इस्लामी देशों का समर्थन होगा.
- हालांकि, हमास ने साफ नहीं किया कि वह गाज़ा में राजनीतिक शक्ति छोड़ने पर राज़ी है या नहीं. उसका कहना है कि वह किसी भी फिलिस्तीनी राष्ट्रीय चर्चा का हिस्सा होना चाहिए.
- इसके साथ ही हमास ने कहा कि वह हथियार फिलिस्तीनी अथॉरिटी को देने को तैयार है. यानी जो गाजा पर राज करेगा, उसी के हाथ में वह हथियार सौंपेगा.
इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऑफिस ने कहा कि इज़राइल ट्रंप की गाज़ा योजना के पहले चरण को तुरंत लागू करने की तैयारी कर रहा है. यह फेज इज़राइली बंधकों की रिहाई से जुड़ा है. ट्रंप ने कहा कि हमास ने दिखाया है कि वह स्थायी शांति के लिए तैयार है और अब जिम्मेदारी नेतन्याहू की सरकार पर है.
उन्होंने अपने मंच Truth Social पर लिखा,"इज़राइल को तुरंत गाज़ा पर बमबारी बंद करनी होगी, ताकि हम बंधकों को सुरक्षित और तेजी से बाहर ला सकें. यह केवल गाज़ा की बात नहीं है, बल्कि मिडिल ईस्ट में लंबे समय से प्रतीक्षित शांति की दिशा में कदम है."
गाजा के रहने वालों के मुताबिक, ट्रंप के बयान के बाद भी इज़राइली टैंकों ने गाज़ा सिटी की मुख्य सड़क तालातिनी स्ट्रीट पर बमबारी की है. चश्मदीदों ने बताया कि इज़राइली विमानों ने रिमाल इलाके में कई घरों पर भी हवाई हमले किए. खान यूनिस में भी हमले हुए हैं.