)
Hamas: इजराइल ने गाजा में अपने ऑपरेशन को तेज कर दिया है. ऐसे में हमास ने एक बड़ा फैसला लिया है. जिसके बाद इजराइली सेना के लिए एक बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई है. हमास के सशस्त्र विंग के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने शुक्रवार को कहा कि इज़राइली बंधकों को उसके लड़ाकों के साथ ही वॉर जोन में रखा जाएगा और वे भी उन्हीं खतरनाक हालातोंका सामना करेंगे जैसे उनके लड़ाके करते हैं.
हमास की ओर से बयान में कहा गया है कि हम बंधकों की जान बचाने की हर मुमकिन कोशिश करेंगे. लेकिन वे हमारे लड़ाकों के साथ टकराव वाले इलाकों में रहेंगे और उन्हीं खतरों के बीच होंगे. हमास ने यह भी कहा कि इज़राइली हमले में अगर कोई बंधक मारा जाता है, तो उसका नाम, तस्वीर और मौत का सबूत जारी किया जाएगा.
इस बीच, इज़राइल ने गाज़ा सिटी पर हमले की तैयारी तेज़ कर दी है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाज़ा सिटी पर कब्ज़े की योजना को मंजूरी दे दी है और बंधकों की रिहाई पर बातचीत फिर से शुरू करने के निर्देश दिए हैं. हालांकि, नेतन्याहू अपनी शर्तों के साथ अड़े हुए हैं.
इज़राइली सेना (IDF) ने लगभग 60,000 रिज़र्व सैनिकों को तैनात किया है. गाज़ा सिटी को अब आईडीएफ ने आधिकारिक तौर पर युद्ध क्षेत्र घोषित कर दिया है. उधर इजराइली सेना और मोसाद के अधिकारियों ने सिक्योरिटी कैबिनेट के साथ बैठक करने की बात कही है. वह चाहते हैं कि नेतन्याहू सीजफायर डील को मंजूरी दें. ताकि बंधकों की जान को बचाया जा सकेय
शुक्रवार को आईडीएफ और शिन बेट ने बंधक इलान वीस का शव बरामद किया, जिन्हें 7 अक्टूबर को किब्बुत्ज़ बेएरी से अगवा किया गया था. इसके अलावा, एक और बंधक के अवशेष भी मिले हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया फॉरेंसिक जांच से जारी है.