)
Gaza Twin Babies Documentary: फिलिस्तीनी फिल्ममेकर मोहम्मद सवाफ की डॉक्यूमेंट्री ‘गाजा के जुड़वां बच्चे, मेरे पास वापस आओ’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. यह फिल्म जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म महोत्सव एम्स्टर्डम के फ्रंटलाइट सेक्शन में अपने विश्व प्रीमियर के लिए प्रदर्शित की जाएगी.
वैराइटी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह डॉक्यूमेंट्री गाजा युद्ध में बिखर चुके एक परिवार की दर्दनाक यात्रा को दिखाती है. एक मां, रानिया और उसके नवजात जुड़वां बच्चों की कहानी. फिल्म में यह दिखाया गया है कि कैसे यह परिवार उत्तरी गाजा की बमबारी से लेकर दक्षिण के भीड़भाड़ वाले तंबुओं और अस्थायी आश्रयों तक की भयावह यात्रा करता है.
गाजा में हमास और इजरायल युद्ध के कुछ हफ्तों बाद रानिया एक घिरे हुए अस्पताल में तीन बच्चों को जन्म देती है. अफरातफरी के माहौल में एक नवजात की मौत हो जाती है, जबकि बाकी दो जुड़वां बच्चों को मां से अलग कर दक्षिण गाजा भेज दिया जाता है. रानिया खुद उत्तर गाजा में फंस जाती है, जहां युद्ध, भूख और विस्थापन के बीच वह अपने बच्चों से मिलने की उम्मीद में हर दिन गुजारती है.
16 महीनों में बनी है ये डॉक्यूमेंट्री
16 महीनों में बनी यह डॉक्यूमेंट्री एक मां और उसके बच्चों के समानांतर जीवन को दर्शाती है. बच्चे विस्फोटों की आवाज़ों के बीच बड़े होते हैं, अपने पहले कदम रखते हैं, अपने पहले शब्द बोलते हैं और एक तंबू से दूसरे तंबू में भटकते हैं. इस बीच, रानिया सैन्य चौकियों, युद्ध और बेघरपन के बीच अपने बच्चों से फिर से मिलने की उम्मीद में रहती है. फिल्म का ट्रेलर इसके निर्माता सलाह अल-हौ ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया.
कौन हैं मोहम्मद सवाफ
फिल्ममेकर मोहम्मद सवाफ गाजा के रहने वाले हैं. वह एक पत्रकार भी हैं. उन्हें डॉक्यूमेंट्री और मीडिया प्रोडक्शन में 16 साल से ज्यादा का अनुभव है. अब तक वे 30 से अधिक डॉक्यूमेंट्री फिल्में बना चुके हैं. वे फिलिस्तीनी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय निर्देशकों और प्रोड्यूसर्स के साथ काम करते हैं. सवाफ इन दिनों अपनी नई फीचर फिल्म “गाजा ईयर जीरो” पर भी काम कर रहे हैं.