)
Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक मेहराज मिलक की गिरफ्तारी के बाद सूबे की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. दरअसल, जम्मू के डोडा विधानसभा के विधायक मेहराज मिलक को पब्लिक सेफ्टी एक्ट के तहत बीते 8 सितंबर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि शांति बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी. वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह, विधायक मेहराज मलिक के समर्थन में सड़कों पर उतर गए हैं.
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सांसद संजय सिंह गुजिश्ता 9 सितंबर को जम्मू पहुंचे और मेहराज मलिक के समर्थन में जमकर प्रदर्शन किया. पार्टी की मांग है कि विधायक मेहराज मलिक को तुरंत रिहा किया जाए. संजय सिंह ने इस मुश्किल के घड़ी में विधायक मेहराज मलिक के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की. संजय सिंह ने परिजनों को यह यकीन दिलाया कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता इस मुश्किल वक्त में विधायक मेहराज मलिक और उनके परिजनों के साथ खड़े हैं.
विधायक मेहराज पर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का इल्जाम
आम आदमी पार्टी विधायक मेहराज मलिक को एक शेर जैसा इंसान बता रही है. वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्होंने प्रशासन के काम में बाधा उत्पन्न किया और नौजवानों को भड़काने की कोशिश की. संजय सिंह ने विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी को अवैध करार दिया है.
संजय सिंह ने सरकार और प्रशासन पर लगाए गंभीर इल्जाम
संजय सिंह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट करके जम्मू-कश्मीर की प्रशासन पर इल्जाम लगाते हुए सवाल खड़े किए. उन्होंने लिखा कि विधायक मेहराज मलिक पर PSA जैसी गंभीर धारा इसलिए लगाई क्योंकि उन्होंने अपने क्षेत्र में अस्पताल, स्कूल और सड़क बनाने के लिए आवाज उठाई.
AAP के विधायक @MehrajMalikAAP पर PSA जैसी गंभीर धारा इसलिए लगाई क्योंकि उन्होंने अपने क्षेत्र में अस्पताल, स्कूल और सड़क बनाने के लिए आवाज उठाई।
मैं जम्मू कश्मीर की इस ऐतिहासिक धरती से BJP के प्रशासन को और प्रधानमंत्री जी को साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि आप आम आदमी पार्टी को… pic.twitter.com/xd2lEYIINr— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) September 10, 2025
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को दी चुनौती
उन्होंने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जम्मू कश्मीर की प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की इस ऐतिहासिक धरती से BJP के प्रशासन को और प्रधानमंत्री जी को साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि आप आम आदमी पार्टी को जितना कुचलने की कोशिश करेंगे, उतने ही यह पार्टी मजबूत होगी.