Advertisement
trendingNow,recommendedStories0/zeesalaam/zeesalaam2734147
Zee SalaamIndian MuslimAgra: 26 का बदला 2600 से लेने की धमकी देने वालों को पुलिस ने दबोचा, गुलफाम के परिजनों को इंसाफ का इंतजार

Agra: 26 का बदला 2600 से लेने की धमकी देने वालों को पुलिस ने दबोचा, गुलफाम के परिजनों को इंसाफ का इंतजार

Agra Murder Case: आगरा में एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले दो लोगों को बीते 24 अप्रैल की रात को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. गौ रक्षा दल नाम के संगठन के दो बदमाशों ने वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच में जुट गई है. 

मुस्लिम युवक की हत्या का दावा करने आरोपी (बाएं) और मृतक गुफरान
मुस्लिम युवक की हत्या का दावा करने आरोपी (बाएं) और मृतक गुफरान

Agra News Today: उत्तर प्रदेश के आगरा में गुलफाम नाम के युवक की हत्या का दावा करते हुए दो युवकों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों मनोज चौधरी और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया है. मनोज चौधरी ने क्षत्रिय गौ रक्षक दल के नाम से एक वीडियो वायरल किया था, जिसमें 26 बनाम 2600 से बदला लेने की धमकी देते हुए हत्या की जिम्मेदारी ली थी.

सोशल मीडिया पर 20 सेकंड का यह वीडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने आईटी सेल की मदद से वीडियो की जानकारी हासिल की और वायरल करने वाले तक पहुंच गई. फिलहाल वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो वायरल करने वाले मनोज चौधरी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

मनोज चौधरी से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के 21 जिलों में दबिश दी. मनोज चौधरी के जरिये 20 सेकेंड के वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे और उसकी मंशा के बारे में जानने के लिए पुलिस जुटी हुई है. आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया की मनोज चौधरी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है, फिलहाल उससे पूछताछ हो रही है. उन्होंने ने साफ किया कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति वही है, जिसने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया था. 

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें, गुलफाम की हत्या 24 अप्रैल की रात में हुई थी. गुलफाम अपने चचेरे भाई शाहिद के रेस्टोरेंट में काम करता था. रात के वक्त गुलफाम और उसका साथी सैफ अली काम खत्म होने के बाद रेस्टोरेंट बंद कर रहे थे. रेस्टोरेंट बंद करते समय रात करीब 11:30 दो अज्ञात लोगों ने मौके पर पहुंचकर गुलफाम को गोली मार दी.

इस दौरान मौके पर मौजूद दूसरे आरोपी ने बंदूक निकाल कर सैफ अली पर फायर कर दिया जो उसके शरीर को छूती हुई निकल गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित गुलफाम को आनन फानन में मांगलिक हॉस्पिटल पहुंचाया, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद गुलफाम को मृत घोषित कर दिया. 

परिजनों में छाया मातम

मृतक गुलफाम के पीछे पत्नी और छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं. घर में बूढ़े पिता हैं. बताया जा रहा है कि गुलफाम के पिता का 3 महीने पहले एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उनको काफी चोट आई थी. हालिया दिनों में गुलफाम के पिता का इलाज चल रहा है. एक बड़े भाई हैं, जिन्हें गुलफाम की मौत से काफी सदमा पहुंचा है. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के साथ पूरे इलाके में मामत छाया है. 

पुलिस पर उठ रहे सवाल

आगरा में हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक इंस्टा अकाउंट से हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें "गौ रक्षक दल" संगठन का नाम भी लिखा था. इसके बाद से उस अकाउंट और संगठन से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. हालांकि, आगरा पुलिस ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि "गौ रक्षा दल" नाम का कोई संगठन आगरा में रजिस्टर्ड नहीं है. 

दूसरी तरफ वायरल वीडियो और फोटो में थाना मलपुरा क्षेत्र के एक गांव में गौ रक्षक दल की गौशाला दिखाई दे रही है. गौशाला से जुड़े युवकों के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनकी शक्ल धमकी देने वाले युवकों से मिलती-जुलती है. इन वीडियो में मारपीट और हथियार लहराती तस्वीरें भी दिख रही हैं, जिससे आगरा पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

TAGS

Trending news