Muslim Ulema on Indus Waters Treaty: पाकिस्तानी दहशतगर्दी के जवाब में भारत सरकार ने सिंधु जल समझौता खत्म कर दिया. सरकार के इस फैसले पर जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी के बयान की AIIA अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कड़े शब्दों में निंदा की है.
Trending Photos
)
Arshad Madni on Indus Waters Treaty: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हालिया दिनों आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ के सिंधु जल समझौता खत्म कर दिया. भारत सरकार के एक्शन से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है. अब जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी का सिंधु जल समझौते को लेकर बड़ा बयान सामने आया है.
जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि क्या ये आसान है, इन दरियाओं को कहां ले जाओगे? उन्होंने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि प्यार मोहब्बत की हुकूमत होनी चाहिए, नफरत की नहीं.
अरशद मदनी से जब पूछा गया कि भारत ने पाकिस्तान का पानी बंद कर दिया तो उन्होंने पहले हंसी में कहा कि आपने प्रेस कॉन्फ्रेंस रखकर मेरा खाना बंद कर दिया. सिंधु जल समझौता खत्म करने के सवाल पर अरशद मदनी ने कहा कि क्या यह आसान है, इन दरियाओं को कहां ले जाओगे.
जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के प्रमुख ने कहा, "प्यार मोहब्बत की हुकूमत होनी चाहिए. नफरत की हुकूमत नहीं होनी चाहिए." उन्होंने आगे कहा कि हजारों साल से सतलज, रावी, चेनाब, व्यास, झेलम बह रही हैं और वहां जाकर दरिया-ए- सिंध बन जाती हैं. इतना आसान है क्या पानी को रोकना?
मौलाना अरशद मदनी के बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. मौलाना साजिद रशीदी ने दो टूक कहा कि "अगर अगर अरशद मदनी को पाकिस्तान से इतना ही प्यार है, तो वो भारत में क्या कर रहे हैं? उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए."
ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIIA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कहा, ऐसी स्थिति में जहां युद्ध जैसे हालात हैं, ऐसे बयान दुश्मन को मजबूत करते हैं." उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने जो किया और जो वो हमारे साथ कर रहा था, सरकार ने जो कदम उठाए हैं, वो बहुत कम हैं. अगर हमने पानी रोक दिया तो हमने क्या गुनाह किया?"
पाकिस्तान की दहशतगर्दी पर निशाना साधते हुए मौलाना साजिद रशीदी ने कहा,"अगर पाकिस्तान हमारे लोगों को मारता है, तो हम उनका पानी क्यों नहीं रोक सकते हैं? मैं भी मुसलमान हूं, लेकिन कौन मुसलमान ऐसी बात का समर्थन करेगा जो कुरान के खिलाफ हो?" साजिद रशीदी ने कहा, "मैं उनके (मौलाना अरशद मदनी) बयान की कड़ी निंदा करता हूं और उम्मीद करता हूं कि वो अपना बयान वापस लेंगे."
जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कहा है कि "मजहब पूछ के हिंदुस्तान में जो कुछ हो रहा है, उसकी भी निंदा करनी चाहिए वह भी गलत कर रहे हैं. फिर उनमें और यहां के लोगों में फर्क क्या रह गया." उन्होंने कहा, "गुनाह एक करता है सजा सबको दें, इसका कोई मतलब नहीं है."
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam