)
Ajmer News: मुल्क भर में आई लव मोहम्मद (S.W) मुहिम तेजी से हिंदुस्तान में चल रही है. इशको लेकर अलग-अलग मजलिसें हो रही हैं और लोग अपने स्टेटस पर आई लव मुहम्मद टेक्स्ट लगा रहे हैं. इसी सिलसिले में गुलामे मुस्तफा कमेटी अजमेर की जानिब से इस मुहिम का समर्थन करते हुए जश्ने मुस्तफा का इनाकाद किया गया.
इस कार्यक्रम में संभल से तशरीफ लाए खुसूसी ख़तीब व मुक़र्रिर **मौलाना तौसीफ़ रज़ा** ने नबी पाक (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) से मोहब्बत पर बयान फरमाया। उन्होंने इश्के मुस्तफा की अहमियत और इसे ईमान की निशानी बताया। मौलाना ने सामईन को सीरते मुस्तफा से सबक लेने और अपने किरदार व ईमान को सलामत रखने के लिए कुरआन मजीद और हदीस पाक पर अमल करने की हिदायत दी।
महफिल में नाते मुस्तफा के दौरान अलग-अलग लोगों ने नात कही, जिससे वहां मौजूद लोग झूम उठे. हैदर अली, मोहम्मद शरीफ और जावेद कादरी ने अपने अंदाजे बयां से महफिल को रूहानी रंग बख्शा. इसी तरह सोलहा खंबा इलाके में भी आई लव मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के उनवान पर एक नूरी मिलाद की महफिल आयोजित हुई.
इस दौरान लोगों ने कहा कि मोहम्मद (स.अ) के प्रति उनकी मुहब्बत कयामत तक रहेगी. उनका कहना था कि चाहे कानपुर हो या दुनिया का कोई भी कोना, कोई भी ताक़त उन्हें नबी पाक की मोहब्बत से दूर नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि अब हर शहर, हर रियासत और पूरे बर्रे सगीर में सिर्फ एक ही सदा गूंजेगी.
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रावतपुर थाना क्षेत्र के सैयद नगर में मिलाद-उन्नबी (बरावफात) के मौके पर मुस्लिम समुदाय ने सड़क पर 'I Love Muhammad' लिखा लाइट बोर्ड और टेंट लगाया, जिस पर स्थानीय हिन्दू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए इसे नई परंपरा की शुरुआत बताया, क्योंकि यह स्थान उस मार्ग के पास है जहां राम नवमी की जुलूस निकलती है. पुलिस ने साम्प्रदायिक सौहार्द्र और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए बोर्ड व टेंट हटवा दिए और 24 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिनमें 9 नामजद और 15 अज्ञात शामिल हैं.