)
Al Falah University News: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में 22 नवंबर से शुरू होने जा रहे मशहूर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट से इस बार अल-फलाह यूनिवर्सिटी को बाहर कर दिया गया है। टूर्नामेंट की गेम्स कमेटी ने आधिकारिक रूप से इसकी तस्दीक करते हुए बताया कि कुछ जरूरी पात्रता मानदंड और तकनीकी कारणों के चलते अल-फलाह की टीम को शामिल नहीं किया जा सका.
यह टूर्नामेंट उत्तर भारत का सबसे बड़ा इंटर-यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता माना जाता है, जिसमें इस वर्ष देशभर की 84 यूनिवर्सिटियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. AMU के स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस मुकाबले को लेकर छात्रों, खिलाड़ियों और दर्शकों में गजब का उत्साह है. फिलहाल तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और आयोजन समिति सुनिश्चित कर रही है कि प्रतियोगिता का हर चरण निष्पक्ष, सुरक्षित और अनुशासनपूर्ण हो.
क्यों किया गया अल-फलाह यूनिवर्सिटी को बाहर?
गेम्स कमेटी के अध्यक्ष सैयद अली रिजवी ने मीडिया को बताया कि समिति द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत सभी टीमों की पात्रता की जांच की गई. इस प्रक्रिया में पाया गया कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दस्तावेज और खिलाड़ी पात्रता मानकों को पूरा नहीं करते. रिजवी ने कहा कि AMU खेलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, इसलिए नियमों से समझौता नहीं किया जा सकता. उन्होंने यह भी साफ किया कि यह निर्णय पूरी तरह तकनीकी आधार पर लिया गया है और किसी राजनीतिक या बाहरी कारक का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है.
टूर्नामेंट की तैयारियां और माहौल
22 नवंबर से शुरू हो रहे इस मेगा इवेंट को लेकर AMU कैंपस में रंगत देखने लायक है. अलग-अलग राज्यों की यूनिवर्सिटियों से टीमें अलीगढ़ पहुंचने लगी हैं. ग्राउंड की पिच, दर्शक दीर्घाओं, सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की कल्याण सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. AMU स्पोर्ट्स सुविधा की देशभर में पहचान है और यहां के इंटर-यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के लिए करियर का अहम प्लेटफॉर्म माना जाता है. कई खिलाड़ी यहां से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं.