)
Aligarh News: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) कैंपस और शहर में बुधवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, घटनाओं के बाद छात्रों और स्थानीय लोगों में ग़म और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है.
सिविल लाइन थाना इलाके स्थित AMU कैंपस में B.Com तृतीय वर्ष के छात्र हमजा मलिक की सड़क हादसे में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, हमजा बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक स्कूटर से उनकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि हमजा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. स्कूटर सवार हादसे के तुरंत बाद फरार हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र जेएन मेडिकल कॉलेज पर जमा हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. छात्र हादसे के बाद से बेहद आहत हैं और कैंपस में शोक का माहौल है.
अलीगढ़ में ही क्वार्सी थाना क्षेत्र में एक अन्य सड़क हादसा हुआ, जिसमें 22 वर्षीय अलबाब नामक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए. अलबाब, फैज़ान और मुजीम बुधवार रात चाय पीने के लिए निकले थे. अनूपशहर रोड स्थित इकरा पुलिया के पास अचानक पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी.
टक्कर लगते ही बाइक फिसल गई, और अलबाब ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. फैज़ान और मुजीम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को रोक लिया और चालक से बहस भी हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam