Amroha Road Rage Murder News: अमरोहा के डिडौली में मामूली कार-बाइक टक्कर के बाद रोडरेज की एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. आरोपियों ने न्यायिक कर्मचारी राशिद हुसैन की उनकी बीवी-बच्चों के सामने पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
Trending Photos
)
Amroha News: रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिंदगी में इंसान धीरे-धीरे हिंसक होता जा रहा है. आए दिन इस तरह की घटनाएं सुनने को मिलती हैं, जब मामूली बात को लेकर अक्सर इंसान ही इंसान के खून का प्यासा हो जाता है. कुछ इसी तरह का नजारा तब देखने को मिला, जब मामूली सी कार-बाइक की टक्कर ने ऐसा खूनखराबा करा दिया, जिसने न सिर्फ अमरोहा को बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को दहला दिया.
सड़क पर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में हैवानियत में बदल गई. कोर्ट में काम करने वाले राशिद हुसैन को उनकी बीवी और बच्चों के सामने बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई, और इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई. इस दौरान बीवी बच्चे आरोपियों की मिन्नतें करते रहे, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा और वह लगातार राशिद को पीटते रहे. हालांकि, स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद राशिद को छोड़कर आरोपी भाग खड़े हुए.
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र का है, जहां गलत दिशा से आरोपियों के जरिये ओवरटेक करते समय, उनकी बाइक कार से हल्की सी टच हो गई. इसी बात पर बाइक सवारों ने आपा खो दिया और कार चला रहे न्यायिक कर्मचारी राशिद हुसैन को पीट-पीटकर मार डाला. यह घटना इतवार (11 जनवरी) दोपहर की है.
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक राशिद हुसैन (38) अमरोहा में सिविल जज जूनियर डिवीजन के न्यायालय में कार्यरत थे. वह अमरोहा के मोहल्ला नल के रहने वाले थे. राशिद अपनी बीवी रुखसार (35), भतीजे सलमान और अपने तीन बच्चों बेटी मायरा (4), बेटे आरिश (8) और अम्माद (2) के साथ कार से मुरादाबाद के गांव पट्टी रिश्तेदारी में जा रहे थे.
रिश्तेदारों को बुलाकर आरोपियों ने किया हमला
इस संबंध में सीओ अभिषेक यादव के मुताबिक, जब राशिद की कार बंबूगढ़ जोया बाईपास पर पहुंची, तभी पीछे से आ रही बाइक ने रॉन्ग साइड से ओवरटेक किया. इस दौरान बाइक कार की साइड से छू गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक न बाइक गिरी और न कोई नुकसान हुआ, इसके बावजूद बाइक पर सवार दोनों नौजवान आरोपी भड़क गए और कार में बैठे परिवार को धमकाने लगे.
कहासुनी के बाद बाइक सवारों में से एक ने फोन कर अपने रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया. हालात बिगड़ते देख राशिद कार लेकर आगे बढ़ गए. राशिद की कार डिडौली थाना क्षेत्र में पथकोई हुसैनपुर की पुलिया तक पहुंची थी कि तभी वही दोनों नौजवान और उनके रिश्तेदार बाइक से पीछा करते हुए वहां पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने जबरन कार रुकवाई, राशिद को बाहर खींच लिया और सभी ने मिलकर लात घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.
भतीजे सलमान और कार में बैठी राशिद की बीवी रुखसार उन्हें बचा नहीं सके. बीवी आरोपियों से मिन्नतें करती रही है कि "मेरे शौहर को छोड़ दो" लेकिन वह नहीं माने. आसपास के लोग जुटे और किसी तरह राशिद को हमलावरों के बीच से निकाला. इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए. परिजन राशिद को पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें मुरादाबाद रेफर किया गया. मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में ही राशिद की मौत हो गई.
सात पर हत्या का मुकदमा, दो गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. एसपी अमित कुमार आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों के गठन का एलान किया. सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मृतक के भतीजे सलमान की तहरीर पर डिडौली थाने में हुसैनपुर गांव निवासी कलीम, शान, कासिम, नसीम और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. कासिम और नसीम सगे भाई हैं, जबकि कलीम और शान चचेरे भाई हैं. पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
पत्नी और बच्चों के सामने पीटा गया
सलमान के मुताबिक, हमलावर सात थे और राशिद अकेले. कार से खींचकर उन्हें जमीन पर गिराया गया और बार-बार लात-घूंसे मारे गए. राशिद की बीवी रुखसार हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रहीं. बच्चे भी आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन हमलावर नहीं रुके. रुखसार के सामने ही उनके शौहर को आरोपियों ने तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश होकर गिर नहीं पड़े. ज्यादातर हमले उनके सीने पर किए गए.
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने कार की भी जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. वारदात के बाद से राशिद की बीवी रुखसार सदमे में हैं. उनकी आवाज नहीं निकल रही, सिर्फ रोती रहती हैं. महिलाएं उन्हें संभालने में लगी हैं. राशिद की मौत से इलाके में मातम पसरा है.
यह भी पढ़ें: भारत में बढ़ सकती है हिंसा और मॉब लिंचिंग की घटनाएं; USHMM का चौंकाने वाला दावा!