)
AMU News: चुनाव कराने की मांग फिर से तेज हो गई है. छात्रों ने कुलपति प्रो. नईमा खातून और प्रॉक्टर प्रो. मुहम्मद वसीम अली को एक ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि सर सैयद दिवस 2025 से पहले छात्र संघ चुनाव कराए जाएं. छात्रों ने याचिका में कहा है कि एएमयू में 2019 से छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं, जिससे छात्र प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक भागीदारी में रुकावट आ रही हैं.
छात्रों ने तर्क दिया कि लंगोहा समिति के मुताबिक, सेशन शुरू होने के चार हफ्तों के अंदर चुनाव कराने जरूरी है. ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि समय पर चुनाव न कराना न केवल समिति की सिफारिशों का उल्लंघन है, बल्कि इसे न्यायालय के आदेशों का भी उल्लंघन कहा जा सकता है.
स्टूडेंट्स का कहना है कि छात्रसंघ के की कमी की वजह से प्रशासनिक भागीदारी और कैंपस में ज़िंदगी के जीने पर काफी प्रभाव पड़ा है. छात्रों ने कुलपति से 2025 में सर सैयद दिवस से पहले चुनाव कराने की गुजारिश की है, ताकि विश्वविद्यालय की लोकतांत्रिक परंपरा और छात्र भागीदारी को मजबूत किया जा सके.
छात्र नेता उसमान ने कहा कि जिस वक्त प्रशासन ने इलेक्शन कराने की बात कही है वह सही वक्त नहीं है क्योंकि परीक्षाएं होती हैं और फिर छुट्टियां शुरू हो जाती हैं और फिर जब छात्र छुट्टियों से लौटेंगे तो संघ के पास काम करने का समय नहीं होगा. ऐसे में जरूरी है कि जल्द से जल्द चुनाव कराए जाएं, यही हमारी मांग भी है.
गौरतलब है कि पिछले दिनों छात्रों ने कैंपस में बड़ा प्रदर्शन किया था और कई दिनों तक धरना और भूख हड़ताल चली थी, जिसके बाद प्रशासन ने दिसंबर में छात्र संघ चुनाव कराने का औपचारिक लिखित आश्वासन दिया था और छात्रों ने अपना धरना खत्म कर दिया था. अब छात्रों के एक ग्रुप ने फिर से यह मांग फिर उठाई गई है ताकि सर सैयद दिवस से पहले चुनाव कराने को लेकर दबाव बनाया जा सके.