Baghpat Cemetery Encroachment: बागपत के सरूरपुर गांव में कुछ प्रभावशाली लोगों पर मुस्लिम कब्रिस्तान पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि रात में बुलडोजर से चार कब्रें खोद दी गईं, जिससे इलाके में तनाव फैल गया.
Trending Photos
)
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में कुछ दबंगों ने मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान पर कथित कब्जे की कोशिश की. आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर, आरोपियों ने एक बुलडोजर मंगवाया और कब्रिस्तान में चार कब्रों को तोड़ दिया. यह घटना बागपत सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन इलाके के सरूरपुर गांव गांव में हुई.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जैसे ही गांव वालों को घटना के बारे में पता चला, बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे. गांव वालों का गुस्सा देखकर आरोपी मौके से भाग गए. इसके बाद प्रभावित समुदाय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. गांव वालों का कहना है कि यह कब्रिस्तान लगभग 200 साल पुराना है और लंबे समय से मुस्लिम समुदाय इसका इस्तेमाल कर रहा है.
गांव वालों का प्रधान पर बड़ा आरोप
गांव वालों आरोप है कि गांव के कुछ भू-माफिया और प्रभावशाली लोग इस जमीन पर कब्ज़ा करना चाहते हैं और इसी साजिश के तहत रात में बुलडोजर मंगवाया गया था. गांव वालों का दावा है कि यह पहली ऐसी घटना नहीं है और इस जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं. प्रभावित समुदाय ने पुलिस प्रशासन और गांव के प्रधान पर भी गंभीर इल्जाम लगाए हैं. उनका कहना है कि जब पहले कब्रिस्तान की जमीन को लेकर विवाद हुआ था, तो प्रशासन और गांव के प्रधान ने इसे गंभीरता से नहीं लिया.
पुलिस कर रही है जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया. पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने प्रभावित समुदाय को आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और कानून के अनुसार दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि वे जमीन से जुड़े दस्तावेज़ों की भी जांच कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कब्रिस्तान की जमीन पर कोई अवैध दावा तो नहीं किया जा रहा था. वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि बुलडोजर किसने मंगवाया और उसे मौके पर कैसे लाया गया.