)
Asaduddin Owaisi in Seemanchal: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के चीफ असदुद्दीन ओवैसी इन दिनों सीमांचल के दौरे पर हैं और लगातार सत्ता पर काबिज पार्टियों पर हमला कर रहे हैं. बीती रोज, एक रैली के दौरान उन्होंने शहीद होने की बात की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
असदुद्दीन ओवैसी ने रैली के दौरान कहा कि मुझे मुखालिफ़ीन कहते हैं कि ओवैसी भड़काऊ भाषण देता है और जज़्बाती तकरीर करता है. अरे ज़ालिमों, जो तुमने सीमांचल का हाल कर दिया, तुम सीमांचल के दुश्मन हो, तुम मुसलमानों की कयादत के दुश्मन हो.
ओवैसी ने आगे कहा कि तकरीर करने का फन अल्लाह ने मुझे नैमत के तौर पर दिया है. अल्लाह ने तुम्हें भी ज़ुबान और दिमाग दिया और मुझे भी दिया. लेकिन फर्क इतना है कि तुम डरते हो बोलने से, मैं सिवाय अल्लाह के किसी से नहीं डरता.
मैं गरीब आवाम के लिए शहीद होने को तैयार हूं pic.twitter.com/WEmqcgYRmB
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) September 28, 2025
ओवैसी ने आगे कहा, इसलिए बैखोफ होकर बोलता हूं कि तुम डरते हो जेल जाने से, मैं गोली खाने से नहीं डरता हूं, तुम फौज से डरते हो, मैं इस गरीब आवाम के लिए शहीद होने के लिए तैयार हूं. यही फर्क दूसरों और हम में है.
अपनी रैली के दौरान ओवैसी ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया और कहा कि सीमांचल में कोई बांग्लादेशी घुसपैठिया नहीं है. अगर कोई घुसपैठिया है तो वह बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना हैं. जिन्हें पीएम नरेंद्र मोदी ने बहन बनाकर दिल्ली में बैठाया हुआ है. ओवैसी ने इस दौरान मोदी सरकार पर वक्फ की प्रॉपर्टी को हड़पने का इल्जाम भी लगाया.
बता दें, ओवैसी इन दिनों सीमांचल के दौरे पर हैं और लगातार सत्ता में मौजूद सरकार पर हमला बोल रहे हैं. वह सरकार पर सीमांचल को विकास से महरूम रखने का इल्जाम लगा रहे हैं और साथ ही मुस्लिम कयादत न होने पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं.