)
Kakori Train Action: काकोरी ट्रेन एक्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की एक अहम घटना है, जिसने ब्रिटिश शासन को झकझोर दिया था. यह घटना 9 अगस्त 1925 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ ज़िले के पास काकोरी नाम की एक जगह पर हुई थी. इस कार्रवाई को हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन (HRA) के क्रांतिकारियों ने अंजाम दिया था, जिनका मकसद ब्रिटिश हुकूमत को उखाड़ फेंककर हिंदुस्तान को आज़ाद करना था.
1924-25 के दौरान HRA के क्रांतिकारियों को अपने आंदोलन के लिए पैसों की जरूत थी. उस वक्त संगठन के पास हथियार खरीदने, गुप्त गतिविधियों को संचालित करने और संगठन को मज़बूत करने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं थे. इसी वजह से, संगठन के चीफ रामप्रसाद बिस्मिल ने सरकारी खज़ाने की ट्रेन को निशाना बनाने का प्लान बनाया.
9 अगस्त 1925 की शाम, शाहजहांपुर से लखनऊ जा रही 8-डाउन ट्रेन में सरकारी खज़ाना ले जाया जा रहा था. क्रांतिकारियों की टीम में रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक़ उल्लाह खान, चंद्रशेखर आज़ाद, राजेंद्र लाहिड़ी, रोशन सिंह, बनवारीलाल, मुरारीलाल और अन्य साथी शामिल थे.
ट्रेन जब काकोरी स्टेशन के पास पहुंची, तो क्रांतिकारियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी. उन्होंने गार्ड के डिब्बे में रखा सरकारी खज़ाना लूटा और किसी यात्री को नुकसान पहुंचाए बिना घटनास्थल से निकल गए.
अशफाक़ उल्लाह खान इस प्लान के सक्रिय मेंबर थे और उन्होंने पूरी कार्रवाई की रणनीति तैयार करने में अहम योगदान दिया था. वे न केवल योजना बनाने में शामिल थे, बल्कि उन्होंने क्रांतिकारियों को संगठित रखने और तकनीकी सहायता मुहैया कराने का काम किया था.
घटना के बाद ब्रिटिश सरकार ने इस कार्रवाई को राजद्रोह घोषित किया और व्यापक स्तर पर गिरफ्तारी अभियान चलाया. अशफाक़ उल्लाह खान अंडरग्राउंड हो गए और लगभग एक साल तक फरार रहे. बाद में वे दिल्ली में वह पकड़े गए. मुकदमे के दौरान ब्रिटिश अदालत ने उन्हें और तीन अन्य क्रांतिकारियों- रामप्रसाद बिस्मिल, राजेंद्र लाहिड़ी और रोशन सिंह को फांसी की सजा सुनाई.
19 दिसंबर 1927 को फैज़ाबाद जेल में अशफाक़ उल्लाह खान को फांसी दी गई. वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक माने जाते हैं. काकोरी ट्रेन एक्शन ने देशभर में युवाओं में स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति जोश और जागरूकता जगाई और यह भारतीय क्रांतिकारी इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam