Asian Youth Para Games 2025: दुबई में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 गोल्ड मेडल समेत 46 मेडल जीत हासिल किया है. मध्य प्रदेश के रतलाम के रहने वाले दिव्यांग अब्दुला कादिर ने भी तैराकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीता. उनके इस ऐताहिसक प्रदर्शन पर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई.
Trending Photos
)
Ratlam News Today: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के होनहार दिव्यांग तैराक अब्दुल कादिर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हौसले अगर मजबूत हों तो कोई भी शारीरिक कमी रास्ते की रुकावट नहीं बन सकती. दुबई में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स में अब्दुल कादिर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कई पदक जीते और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रौशन किया.
अब्दुल कादिर की ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर के बाद जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. उनके परिजनों ने कहा कि कादिर की यह उपलब्धि रतलाम जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है. अब्दुल कादिर ने इन खेलों में कुल चार पदक अपने नाम किए हैं, जिनमें तीन गोल्ड मेडल और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है. उनके इस प्रदर्शन से न सिर्फ रतलाम बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी और उत्साह का माहौल है.
प्रतियोगिता की शुरुआत में अब्दुल ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक एस 1-5 स्पर्धा में शानदार तैराकी करते हुए स्वर्ण पदक जीता. इसके बाद उन्होंने 100 मीटर फ्री स्टाइल और 50 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धाओं में भी गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. वहीं, 50 मीटर बटरफ्लाई एस 2-7 स्पर्धा में अब्दुल कादिर ने कांस्य पदक जीतकर पदकों की संख्या चार तक पहुंचा दी.
खास बात यह है कि अब्दुल कादिर बिना हाथों के तैराकी करते हैं. इसके बावजूद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर यह दिखा दिया कि असली ताकत शरीर में नहीं बल्कि जज्बे और मेहनत में होती है. आज अब्दुल कादिर हजारों नौजवानों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो किसी न किसी चुनौती का सामना कर रहे हैं.
रतलाम में अब्दुल कादिर की इस ऐतिहासिक सफलता को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर लोग उनकी मेहनत, संघर्ष और जीत की कहानी की खुलकर तारीफ कर रहे हैं. हर कोई कादिर को बधाई दे रहा है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है.
अब रतलाम को अपने इस स्वर्णिम सितारे का बेसब्री से इंतजार है. जानकारी के मुताबिक, अब्दुल के रतलाम पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. शहर में उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी की जा रही है और पूरे रतलाम में जश्न का माहौल बनने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : West Bengal: SIR विवाद ने उजाड़ा एक और घर, पिता का नाम देख BLA बरकत शेख की दर्दनाक मौत