)
Assam Masjid Imam Saved People: आसम के श्रीभूमि जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हुआ, लेकिन मस्जिद के इमाम की तुरंत सूझबूझ ने सात लोगों की जान बचा ली. नेशनल हाईवे पर चलते हुए एक कार अचानक कंट्रोल खो बैठी, सड़क से फिसलकर एक तालाब में गिर गई. उस वक्त कार में बैठे ज्यादातर यात्री सो रहे थे और खिड़कियां बंद होने की वजह से वाहन धीरे-धीरे पानी में डूबने लगा.
इसी बीच दुर्घटना की आवाज सुनकर जामा मस्जिद के इमाम और मीराबाड़ी मदरसा के शिक्षक मौलाना अब्दुल बसीत ने बिना समय गंवाए मस्जिद के लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया. उन्होंने माइक से ऐलान कर आसपास के लोगों से तुरंत मदद के लिए पहुंचने की अपील की. इमाम की इस अपील का असर तुरंत दिखा.
गांव वाले घटनास्थल की ओर दौड़े और कार में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया. कुछ ही देर में लोगों ने पानी में डूबी कार से सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक,"मैंने देखा कि कार की लाइट पानी के अंदर जल रही थी, तब समझ गया कि तुरंत कार्रवाई करनी होगी." उन्होंने कहा कि उनकी कार्रवाई इंसानियत के नाते थ-हमने धर्म के बारे में नहीं सोचा. हमारे लिए सिर्फ जान बचाना सबसे जरूरी था."
हाल ही में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भी ऐसा ही मामला सामने आया था. जहां शुभम नाम के एक शख्स की कार तलाब में गिर गई थी. वह कार में ही बेहोश हो गया. ऐसे में फैजल नाम के एक शख्स ने उसकी जान बचाई. फैजल ने उसे कार से निकाला और फिर तैरकर किनारे तक लेकर आया. इसके बाद फैजल को काफी लोगों ने सराहा था.