Assam Crime News: सोनितपुर से अंतरराष्ट्रीय हवाला और आतंकी मॉड्यूल का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस मामले में विदेशी फंड ट्रांसफर, संदिग्ध बैंक खातों और क्रॉस-बॉर्डर कनेक्शन समेत कई एंगल से जांच कर रही है और पुलिस जांच जारी है. इस मामले में पुलिस ने ज्योतिका कलिता नाम की औरत को गिरफ्तार किया है.
Trending Photos
)
Sonitpur News Today: असम के सोनितपुर जिले के एक छोटे से गांव से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. इसकी कड़ियां दुबई, पाकिस्तान और कई दूसरे देशों तक फैली हुई हैं. विदेशी फंड ट्रांसफर, दर्जनों बैंक अकाउंट और एटीएम कार्ड से जुड़ी इस पूरी कहानी ने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने सोनितपुर जिले की रहने वाली ज्योतिका कलिता को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, ज्योतिका कलिता काफी समय से जांच एजेंसियों के रडार पर थी. अधिकारियों को उसके बैंकिंग व्यवहार में कई संदिग्ध बातें नजर आई थीं. बार-बार विदेशों से और विदेशों में किए गए ट्रांजैक्शन, एक से ज्यादा बैंक अकाउंट का इस्तेमाल और कम समय में उसकी आर्थिक स्थिति में हुआ बड़ा बदलाव पुलिस के लिए शक की बड़ी वजह बना. इन्हीं संकेतों के आधार पर पुलिस ने चुपचाप उसकी सरगर्मियों पर नजर रखनी शुरू कर दी और उसके बैंक व डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की गई.
जांच के दौरान सामने आया कि ज्योतिका कलिता बिजनेस के सिलसिले में दुबई गई थी. वहीं कथित तौर पर उसकी मुलाकात एक पाकिस्तानी नागरिक रमजान मुहम्मद से हुई. पुलिस का दावा है कि दोनों ने दुबई में ही गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी. परिवार ने भी शादी की बात को स्वीकार किया है, लेकिन इसे निजी मामला बताया है. हालांकि पुलिस इस रिश्ते को एक संदिग्ध क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क से जोड़कर देख रही है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है.
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ. ज्योतिका से जुड़े कुल 17 बैंक अकाउंट, 44 एटीएम कार्ड और कई चेकबुक बरामद की गईं. अधिकारियों का कहना है कि इन अकाउंट्स के जरिए बड़ी मात्रा में पैसों का लेन-देन किया गया था. पुलिस को शक है कि इन अकाउंट्स का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट्स की तरह किया जा रहा था, जिनका मकसद अवैध तरीके से एक देश से दूसरे देश तक पैसे पहुंचाना होता है.
सीनियर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की जांच में यूके और मिडिल ईस्ट में मौजूद कुछ पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स से संपर्क के संकेत भी मिले हैं. ये लोग कथित तौर पर ऑनलाइन फ्रॉड और अवैध फंड ट्रांसफर नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं. इसी वजह से जांच एजेंसियों को शक है कि यह पूरा मामला एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का हिस्सा हो सकता है.
वहीं, परिवार की तरफ से सभी आरोपों से इनकार किया गया है. ज्योतिका की मां पिंकी कलिता का कहना है कि उनकी बेटी दुबई में मनी एक्सचेंज के बिजनेस से जुड़ी थी और उसने कोई गलत काम नहीं किया. उन्होंने बैंक अकाउंट और शादी की बात तो मानी है, लेकिन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने परिवार की बढ़ती संपत्ति जरूर देखी थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना बड़ा और गंभीर निकल सकता है.
गुहावटी से शरफुद्दीन की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: आतंकी को आतंकी से लड़ाने की तैयारी, पाकिस्तानी सेना ने TTP के खिलाफ चली चाल