)
Jhansi News Today: पूर्व सासंद अतीक अहमद के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. बीते साल 15 अप्रैल 2023 को मीडिया के कैमरे के सामने दक्षिणपंथी संगठन से ताल्लुक रखने वाले गुंडों ने पुलिस कस्टडी में अतीक और उनके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना से महज दो दिन पहले यूपी पुलिस ने अतीक के बेटे असद को एनकाउंटर में मार गिराया था.
उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस ने पूर्व सांसद अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता समेत उनके परिवार के कई लोगों को इस मामले में आरोपी बनाया गया था. वहीं, आज बुधवार (1 अक्टूबर) को नैनी सेंट्र जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे को झांसी जेल में शिफ्ट किया जा रहा है. शासन प्रशासन से इसकी इजाजत पहले ही मिल चुकी थी.
मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जिला कारागार लाया जा रहा है. जेल प्रशासन ने अली अहमद की सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. सीसीटीवी कैमरों के अलावा भी कई सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं. झांसी जिला कारागार में अली अहमद को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा जाएगा, जहां हर वक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.
इस सम्बंध में वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अली अहमद के आने की जानकारी मिली है और इसको लेकर जेल में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जेल में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिसके जरिये उन पर हर वक्त निगाह रखी जाएगी.
पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद जुलाई 2022 से प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल में बंद थे. अली अहमद उमेश पाल हत्याकांड की साजिश समेत कई मामलों में आरोपी हैं. कुछ महीने पहले अली अहमद की जेल बैरक में नकदी मिलने का मामला भी सामने आया था, जिसके बाद उनकी निगरानी बढ़ा दी गई.
अब शासन-प्रशासन ने अली अहमद को झांसी जिला कारागार के हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट करने का फैसला लिया है. जेल प्रशासन ने उनके सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. सीसीटीवी कैमरों के अलावा पुलिसकर्मी हर वक्त उनके आसपास तैनात रहेंगे. फिलहाल प्रयागराज से कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस की टीम उन्हें झांसी के लिए लेकर रवाना हो गई है.