)
Ayodhya Ram Mandir Flag Hoisting: अयोध्या में मंगलवार (25 नवंबर) राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के 637 दिनों बाद ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. ध्वजारोहण के कार्यक्रम को लेकर लोगों की मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर फहराए गए भव्य ‘धर्म ध्वज’ के कार्यक्रम में मुस्लिम पक्षकार रहे इकबाल अंसारी भी शामिल हुए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण और पूरे आयोजन की खुलकर तारीफ की.
अयोध्या विवाद में मुस्लिम पक्ष के एक प्रमुख चेहरे रहे इकबाल अंसारी की प्रतिक्रिया पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है. इकबाल अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह मंदिर का कार्यक्रम था और आज का दिन पूरे देश के लिए शुभ रहा. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने हाथों से ध्वजारोहण किया, यह बहुत अच्छी बात है. मुझे मंदिर में झंडा फहराना पसंद आया. प्रधानमंत्री मोदी का भाषण भी शांतिपूर्ण और सकारात्मक था. उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ और देश में शांति बनाए रखने का संदेश दिया.”
'धर्मध्वजा से गया सकारात्मक संदेश'
इकबाल अंसारी ने आगे कहा कि यह धार्मिक कार्यक्रम होने के बावजूद इसका सकारात्मक संदेश पूरे देश तक गया है और इससे लोगों को स्पष्ट हो गया है कि अब अयोध्या में राम मंदिर पूरी तरह तैयार हो चुका है. इससे पहले मंगलवार सुबह अयोध्या पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर तक भव्य रोड शो किया. इसके बाद उन्होंने सप्तमंदिर परिसर के साथ महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, माता अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी मंदिर में दर्शन किए.
पीएम ने क्या कहा?
करीब 11:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा धर्म ध्वज फहराया. इस दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे. अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज भारत की सांस्कृतिक चेतना का नया शिखर देख रहा है. उन्होंने कहा कि राम के भक्तों के दिल में आज “अनूठा संतोष, असीम आभार और अपार दिव्य आनंद” है.
पीएम मोदी ने कहा कि सदियों पुराने घाव अब भर रहे हैं और सदियों का दर्द समाप्त हो रहा है. यह उस यज्ञ का पूर्णाहुति क्षण है, जिसकी अग्नि 500 सालों तक जलती रही और जिसके प्रति आस्था कभी डगमगाई नहीं. उन्होंने कहा कि आज भगवान श्रीराम के गर्भगृह की अनंत ऊर्जा और राम परिवार की दिव्य महिमा को धर्म ध्वजा के रूप में इस भव्य मंदिर में स्थापित किया गया है.