समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान जेल से छूटने के बाद लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. 34 माह बाद जेल से छूटे आजम खान लगातार अलग-अलग सियासी दिग्गजों से मिल रहे हैं और सियासी साख को मजबूत करने में जुटे हुए हैं.
Trending Photos
)
Meerut News Today: समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान जेल से छूटने के बाद लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. 34 माह बाद जेल से छूटे आजम खान लगातार अलग-अलग सियासी दिग्गजों से मिल रहे हैं और सियासी साख को मजबूत करने में जुटे हुए हैं. इसी क्रम में आजम खान इतवार (9 नवंबर) की देर शाम मेरठ के किठौर में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अपने हालात पर खुलकर दर्द बयान किया.
इस मौके पर आजम खान ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला. उन्होंने कहा, "मैं खुशियों में शामिल होने आया हूं, क्योंकि मैं सालों से ऐसी खुशियों से महरूम रहा हूं." उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "मैं पुलिस से छिपते-छिपाते, बचते-बचाते यहां पहुंचा हूं. पुलिस मेरे पीछे डुगडुगी और नगाड़े बजाती फिरती है."
सरकारी सुरक्षा हटाए जाने के सवाल पर आजम खान ने कहा, "गृह मंत्रालय या किसी भी सरकारी अधिकारी ने मुझे सुरक्षा को लेकर लिखित में कुछ नहीं दिया. मैं कैसे मान लूं कि हथियारों से लैस लोग मेरी सुरक्षा के लिए हैं? मैं यह भी मान सकता हूं कि वे मुझे मारने के लिए भेजे गए हैं." आजम खान ने आगे कहा, "मेरी आर्थिक हालात बहुत खराब हैं. पैसों की तंगी की वजह से मैंने अपने मकान और प्लॉट को बेचने के लिए विज्ञापन दिए, लेकिन कोई खरीदने वाला तक नहीं मिला. ऐसे में अगर मैं सुरक्षा ले भी लूं तो उसका खर्च कैसे उठाऊंगा? मुझमें अब सुरक्षा का खर्च उठाने की ताकत नहीं है."
जेल से जुड़ा अनुभव शेयर करते हुए इशारों-इशारों में योगी सरकार पर निशाना साधने से आजम खान नहीं चूके. उन्होंने कहा कि जब पिछली बार उनकी जमानत होने वाली थी, उसी समय पुलिस ने उनके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर दिया ताकि वे जेल से बाहर न आ सकें. आजम खान ने कहा कि इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई थी और इसे कोर्ट की अवमानना भी माना था.
आजम खान ने दावा किया कि बार-बार जेल भेजने पर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें विशेष कानून के तहत तुरंत जमानत दी थी. सपा के सीनियर नेता ने यह भी कहा कि इस बार भी उनके मामले में तीन नई धाराएं जोड़ दी गईं ताकि वे जेल से बाहर न आ पाएं. उन्होंने कहा, "सरकार की पूरी कोशिश रही कि मैं बाहर ना आ सकूं, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मैं आज जेल से बाहर हूं."
इस मौके पर आजम खान से बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में न जाने को लेकर सवाल पर आजम खान केंद्र बीजेपी नेताओं को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, "वहां जंगलराज है. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह कह चुके हैं कि वहां जंगलराज है. ऐसे में मेरा वहां जाना सही नहीं था, मेरे साथ कोई भी हादसा हो सकता था."
यह भी पढ़ें: ग़ज़ा सीजफायर टूटा तो इजरायल में होगी कयामत, हूतियों की चेतावनी से नेतन्याहू के छूटे पसीने!