)
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में गणेश चतुर्थी को लेकर दो समुदायों के बीच बवाल हो गया. यहां तीन सालों से गणेश चतुर्थी के मौके पर पंडाल लगते थे और मूर्ति स्थापित की जाती थी, लेकिन इस वर्ष मामूली कहासुनी के बाद दो समुदायों के बीच झड़प हो गई. हालांकि पुलिस ने समझाइश के जरिए मामले को शांत करवा दिया है.
दरअसल, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली के लालगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में कन्या पाठशाला गली में गणेश पंडाल को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यहां आयोजक मंडल के जरिए तीन वर्षों से लगातार गणेश भगवान की मूर्ति स्थापित की जाती है, लेकिन इस वर्ष दो समुदायों के बीच झड़प तब हो गई जब, मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति ने गणेश चतुर्थी के एक दिन बाद देर शाम को गणेश पंडाल हटाने व डीजे न बजाने को कहा.
इस बात पर हिंदू समुदाय के लोग भड़क गए और देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग भारी तादाद में इकठ्ठा हो गए. इसके बाद मामूली कहासुनी पर विवाद खड़ा हो गया और हल्की झड़प भी हो गई.
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और लोगों को शांत करवाया. इसके बाद दोनों पक्षों को चौकी लालगंज लाया गया. लालगंज चौकी प्रभारी पर इल्जाम है कि वह हमेशा हिंदू धर्म के खिलाफ रहते हैं.
लालगंज थाना प्रभारी ने काफी देर पंचायत करने के बाद गणेश भगवान की मूर्ति को वहां से हटाने को कहा, जिस पर हिंदू पक्ष के लोग भड़क गए और पुलिस चौकी का घेराव करना शुरू कर दिया.
हालात गंभीर होने की सूचना पर संबंधित देवगांव कोतवाल पहुंचे. उन्होंने यथा स्थिति तथा परंपरा को बनाए रखते हुए मूर्ति को वहीं पर रखने का निर्देश दिया, इसके बाद मामला शांत हो गया.