)
Bahraich Violence 2024: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पिछले साल महसी क्षेत्र के महाराजगंज में सांप्रदायिक बवाल हो गया था. इस मालमे में बहराइच प्रशासन ने एक साल बाद कथित आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगा दिया है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सियासी दलों ने और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने एक तरफा कार्रवाई के आरोप लगाए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस की रिपोर्ट और सीनियर अधिकारियों की संस्तुति के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट ने 8 आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) 1980 की धारा-3(2) के तहत कार्रवाई की है. यह साम्प्रदायिक विवाद बीते साल मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान महसी-महराजगंज क्षेत्र में हुआ था.
पुलिस ने तत्काल घटना की रिपोर्ट दर्ज की थी और मामले की जांच शुरू की थी. इसके बाद क्षेत्राधिकारी महसी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक बहराइच की संस्तुति के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने आठ प्रमुख आरोपियों के खिलाफ NSA के तहत पाबंद के आदेश जारी किए हैं.
इन आठ अभियुक्तों में मारूफ अली पुत्र मेंहदी हसन, ननकऊ पुत्र नानमून निवासीगण रेहुवा मंसूर थाना रामगांव, मो. फहीम पुत्र अब्दुल हमीद, मो. अफज़ल उर्फ कल्लू पुत्र मो. अनवार, मो. ज़ीशान उर्फ राजा उर्फ साहिर पुत्र मो. अली, जावेद पुत्र जाहिद खान, शोएब खान पुत्र मुबारक खान और सैफ अली पुत्र अनवर निवासीगण कस्बा महाराजगंज थाना हरदी शामिल हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि यह कार्रवाई जनपद में कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और जनसुरक्षा बनाए रखने के मकसद से की गई हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में अगर किसी शख्स के जरिये किसी भी तरह से कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति को बाधित करने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बता दें, 13 अक्टूबर 2024 को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी तहसील के महाराजगंज क्षेत्र (रेउवा मंसूर गांव) में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई. जुलूस में डीजे पर भड़काऊ और एक समाज का टार्गेट करत हुए विवादित गाना बज रहा था. जब यह जुलूस मस्जिद के पास पहुंचा तो मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बंद करने की मांग की. इसके बाद हिंदूवादी संगठन भड़क गए और मुसलमानों पर पथराव करने लगे.
इसी दौरान राम गोपाल मिश्रा नाम का एक शख्स अल्पसंख्यक समुदाय के घर में घुस गया और छत पर चढ़कर धार्मिक झंडे को उतारकर भगवा झंडा लगा दिया. इसी दौरान किसी अज्ञात राम गोपाल मिश्रा को गोली मार दी. जिससे इलाके में तनाव और फैल गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिणपंथी संगठनों ने बहुसंख्यक समुदाय के साथ मिलकर मुस्लिम इलाकों में आग लगा दी. वहीं, अब एक साल बाद हुई NSA की कार्रवाई में सिर्फ एक पक्ष पर कार्रवाई की गई है, जिससे शासन प्रशासन की मंशा और नियत सवालों के घेरे में हैं.