)
Bareilly Violence Update: बरेली में 26 सितंबर को निकाली गई 'I Love Muhammed' के समर्थन के जुलूस के दौरान कथित हिंसा भड़क गई थी. इस जुलूस पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने जमकर लाठियां भाजीं थी. इस घटना के बाद इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के करीबियों और उनसे जुड़ी संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है. इस मामले में अब तक 126 लोगों पर नामजद FIR दर्ज किया गया है, जबकि 83 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
इस मामले में सोमवार (6 अक्टूबर) को भी प्रशासन एक्शन मोड में दिखाई पड़ा. बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के पार्षद मुन्ना का बाइक शोरूम सील कर दिया. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान पार्षद मुन्ना और उनके कर्मचारी शोरूम के अंदर ही मौजूद थे, जिन्हें बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बाहर निकालकर ताले जड़ दिए.
इस कार्रवाई को भी सीधे तौर पर बरेली में हाल ही में हुए बवाल से जोड़ा जा रहा है. हालांकि, सपा पार्षद मुन्ना ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन वह कहीं बाहर नहीं गए थे. उस दिन उनके नवासे का हाथ टूटा था, जिसकी वजह से वह अस्पताल गए थे और बाद में शोरूम पर ही रहे.
समाजवादी पार्टी पार्षद मुन्ना ने यह भी बताया कि वह कैंसर पीड़ित हैं और उनके शोरूम में कैमरे लगे हुए हैं, जिनसे सच सामने आ सकता है. पार्षद का कहना है कि जो लोग बवाल में शामिल रहे, उन्हीं पर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि मौलाना तौकीर की पार्टी और उनकी विचारधारा अलग है, ऐसे में उन्हें गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है.
मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, यूपी के बरेली हिंसा मामले में पुलिस-प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. अब तक 83 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 126 नामजद पर केस दर्ज हुआ है. मौलाना तौकीर रजा के करीबी डॉ. नफीस और नदीम पर नया मुकदमा दर्ज किया गया है.
आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत आईएमसी का फर्जी पत्र तैयार कर लियाकत के नाम से झूठे हस्ताक्षर किए ताकि 26 सितंबर को धरने में लोगों को जुटाया जा सके और माहौल बिगाड़ा जा सके. लियाकत नाम के शख्स ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उसका दावा है कि नफीस और नदीम ने फर्जी पत्र तैयार कर गलत तरीके से उसके हस्ताक्षर कर सबको भेज दिया. इससे पहले बीते दिनों डॉ. नफीस के अवैध बारातघर को प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया.