)
Bareilly Violence Case: बरेली में कथित हिंसा में मौलाना तौकीर रजा के करीबियों पर पुलिसिया कार्रवाई जारी है. पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. कई विपक्षी नेता और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बता रहे हैं. उनका कहना है कि अगस्त 2025 में फतेहुपर की मशहूर नवाब अब्दुल समद के मकबरे पर हिंदू संगठनों ने मीडिया के कैमरे के सामने तोड़फोड़ की थी, लेकिन पुलिस ने किसी भी आरोपी पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की. आरोपियों के नाम भी मुख्यमंत्री ने सदन में लेने से रोक दिया था.
हालांकि, 26 सितंबर को बरेली में 'I Love Muhammad' के समर्थन में निकाले गए जुलूस पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं और इस कार्रवाई में बचाव में दावा किया कि भीड़ बेकाबू हो रही थी. इतना नहीं पुलिस ने भीड़ पर धक्का मुक्की का आरोप लगाया. इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने कथित हिंसा के लिए इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा को जिम्मेदार ठहराया और उनके करीबियों को लगातार गिरफ्तार कर ही है. बरेली हिंसा के मामले में अब तक पुलिस 90 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.
यूपी पुलिस ने एक तरह जहां फतेहपुर के मकबरे पर तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ महज मामलू कार्रवाई की, तो वहीं बरेली के मामले में कई दुकानों को सील कर दिया. पुलिस अब मौलाना तौकीर रजा के एक और करीबी डॉक्टर नफीस पर शिकंजा कस रही है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस घटना के बाद तौकीर रजा और नफीस की कई संपत्तियां वक्फ की बताई जा रही हैं.
आरोप है कि मौलाना तौकीर रजा और डॉक्टर नफीस ने अवैध तरीके से वक्फ और सरकार की करोड़ों की जमीन पर कब्जा कर निर्माण करवा लिया है. तीन दिन पहले पहलवान साहब की मजार पर बनी बाजार को नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया. इस कार्रवाई के बाद यहां चलने वाली सैकड़ों दुकानें बंद हो गई हैं, जिससे कई लोगों के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई.
अब बरेली विकास प्राधिकरण के निशाने पर सैकड़ों संपत्तियां हैं, जो कथित तौर पर अवैध रूप से या वक्फ की जमीन पर बनाई गई हैं. आरोप है कि डॉक्टर नफीस का रजा पैलेस मैरिज हाल भी वक्फ की संपत्ति पर बना है, कई बार इसके लिए विरोध के सुर उठे लेकिन सत्ता पक्ष के समर्थन के चलते मैरिज हाल पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी. इस घटना के बाद यह पैलेस भी प्रशासन की राडार पर आ गया है और डॉक्टर नफीस की गिरफ्तारी के बाद यहां पर ताले लटके हुए हैं.