)
Bihar Assembly Election 2025: विधानसभा चुनाव के लिए बिहार में सियासी दावों और अटकलों के बीच सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 44 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है. दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद सीटे शेयरिंग के मुताबिक JUD अब तक 101 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय को भी भागीदार बनाने की कोशिश की गई है. लिस्ट जारी होने के बाद पार्टी के कई नेता आलाकमान से नाराज दिखाई पड़े.
बिहार में सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने के लिए जातीय समीकरणों का साधे बगैर यह मुमकिन नहीं है. एनडीए के घटक दलों यानी बीजेपी, एलजेपी-आर और अन्य दलों में सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी के बीच नीतीश कुमार की अगुवाई में जेडीयू सत्ता में वापसी के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है. जेडीयू के उम्मीदवारों की लिस्ट देखकर पार्टी की जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर वोटरों को साधने की मंशा साफ जाहिर है.
बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए जनता दल (यूनाइटेड) की दूसरी सूची जारी।
सभी प्रत्याशियों को ढेरों बधाई व शुभकामनाएं।#Bihar #JDU #JanataDalUnited#BiharElections pic.twitter.com/c6XUriMFqV
— Janata Dal (United) (@Jduonline) October 16, 2025
गुरुवार (16 अक्टूबर) को जारी JDU की दूसरी लिस्ट में पिछड़ा समाज से 37 लोगों को टिकट दिया गया है. इसी तरह अति पिछड़ा समाज के 22, सवर्ण समाज से 22, अनुसूचित जाति से 15 को टिकट दिया है. दूसरी लिस्ट में चार सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी को टिकट दिया है. पहली और दूसरी लिस्ट मिलाकर 101 सीटों में से 13 पर महिलाओं पर JDU ने भरोसा जताया है.
JDU की दूसरी लिस्ट में अररिया से शगुफ्ता अजीम पर आलाकमान ने भरोसा जताया है. वर्तमान में अररिया से कांग्रेस के आबिदुर रहमान विधायक हैं. साल 2020 के विधानसभा चुनाव में भी JDU ने शगुफ्ता अजीम को उम्मीदवार बनाया था और वह चुनाव में दूसरे नंबर रही थीं. शगुफ्ता को कांग्रेस प्रत्याशी ने 47936 वोटों से हरा दिया था.
इसी तरह JDU ने अररिया जिले के ही जोकीहाट विधानसभा सीट से मंजर आलम को उम्मीदवार बनाया है. साल 2020 में JDU ने यहां से कोई प्रत्याशी नहीं उतारा था. AIMIM प्रत्याशी शाहनवाज ने जीत हासिल की थी, उन्होंने RJD प्रत्याशी सरफराज आलम को हराया था. हालांकि, बाद में शाहनवाज ने पाला बदलकर RJD में शामिल हो गए थे.
JDU की दूसरी लिस्ट तीसरी मुस्लिम उम्मीदवार सबा जफर हैं. पार्टी ने उन्हें पूर्णिया जिले की अमौर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. साल 2020 में बिहार AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने सबा जफर को हराया था. AIMIM और JUD में हारजीत का फासला 52 हजार वोट से था. इस बार भी अमौर में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.
तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए कैमूर जिले की चैनपुर विधानसभा सीट से JDU ने इस बार मोहम्मद जमा खान को प्रत्याशी बनाया है. वर्तमान में जमा खान ही यहां से विधायक हैं. साल 2020 में उन्होंने बीएसपी के टिकट पर बीजेपी प्रत्याशी को 25,000 से ज्यादा वोटों से हराया था. बाद में बीएसपी छोड़कर जमा खान ने JDU जॉइन किया और नीतीश कुमार सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बने.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam