)
Bihar Assembly Election 2025: बिहार में इस समय देशभर के टॉप सियासी दिग्गजों का जमावड़ा लगा हुआ है. बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा, इसके तहत पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होगा. ऐसे पहले चरण जिन सीटों पर चुनाव होगा, वहां पर मंगलवार (4 नवंबर) को प्रचार प्रसार थम जाएगा. इससे पहले सभी पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया.
महागठबंधन ने भी सभी वर्ग के मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहा है. इसी कड़ी में महागठबंधन के समर्थन में किशनगंज में चुनावी रैली के लिए उत्तर प्रदेश के कैराना से समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन पहुंची. इकरा हसन ने इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी सऊद आलम के समर्थन करते हुए सत्तारूढ़ बीजेपी पर जमकर जुबानी हमला बोला.
हालांकि, सपा सांसद इकरा हसन के बयानों को कुछ लोग तोड़ मरोड़ कर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जुबान बोलने का आरोप लगा रहे हैं. जबकि सच्चाई बिल्कुल इससे उलट है. दरअसल, इकरा हसन ने अपने संबोधन में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमी (AIMIM) को लेकर कहा कि "वोट डालने से पहले यह जरुर सोचें कि क्या वे (AIMIM) सरकार बना सकती है. अगर वो सरकार बनाने के नजदीक पहुंचते हैं तो आप बेशक वोट उन्हीं को दे दीजिये."
सांसद इकरा हसन ने अपने संबोधन में आगे कहा, "वह (AIMIM) सरकार बनाने के करीब भी नहीं पहुंचेंगे. उन्हें अगर वोट देंगे तो हमारे वोट बटेंगे और अगर हमारे वोट बटेंगे तो फिर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बन जाएगी." उन्होंने कहा, "इस बीजेपी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री भी नहीं बनाएगी. इस बार वो सीएम सीट खुद कब्जा लेगी. ऐसे में आपके जो हालात हैं, वह और बद से बदतर हो जाएंगे."
कैराना से सपा सांसद ने किशनगंज में कहा, "बिहार में इस बार पहले से ही आपको सतर्क रहना है और अपनी सुरक्षा करनी है. इसके लिए सबसे आसान तरीका है, आपका अपना वोट." इकरा हसन ने कहा, "इस बार आपको नहीं बंटना है. आपको एक-एक वोटों को एकजुट होकर अपने प्रत्याशी (सऊद आलम) और लालटेन को करना है. इसलिए मैं उम्मदी करती हूं कि यहां की अवाम सही फैसला लेगी."