)
Colonel Sophia Controversy: मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ इंदौर जिले में बुधवार रात एफआईआर दर्ज की गई है. उन पर सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप है. यह कार्रवाई राज्य हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बारे में जानकारी दी है और बताया है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद मंत्री शाह पर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा,"माननीय मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी ने कैबिनेट मंत्री श्री विजय शाह के बयान के संदर्भ में कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं."
विजय शाह कहते हैं,"जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़ा थे, उन्हीं कटे-पिटे लोगों की, उन्हीं के बहन बेटियों के जरिए ऐसी की तैसी कराई है. उन्होंने हिंदुओं को कपड़े उतारकर मारा, मोदी जी ने उनके समाज की बेटियों को उनकी ऐसी की तैसी करने के लिए भेज दिया."
हाईकोर्ट ने साफ तौर पर कहा था कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए. कोर्ट ने उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी को अत्यंत गंभीर माना था और इस पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे. इस मामले की सुनवाई जस्टिस अतुल श्रीधरन और अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने की थीय. वहीं, मध्य प्रदेश सरकार की ओर से इस पीठ के समक्ष महाधिवक्ता प्रशांत सिंह पेश हुए थेय
वहीं, विजय शाह ने एक बार फिर अपने बयान पर माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि वे ‘बहन सोफिया’ और भारतीय सेना का सम्मान करते हैं. हाईकोर्ट की फटकार और एफआईआर दर्ज होने के बाद मंत्री ने वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा,"मेरे हालिया बयान से हर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं. इसके लिए मैं दिल से शर्मिंदा हूं, दुखी हूं और माफी मांगता हूं." शाह ने कर्नल सोफिया को “देश की बहन” बताया और कहा कि उन्होंने जाति और समाज से ऊपर उठकर देश की सेवा की है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर इंदौर जिले के मानपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. ग्रामीण इलाके की एसपी हितिका वासल ने इसकी पुष्टि की है. एफआईआर भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला कृत्य), धारा 196 (1)(B)(ऐसा कृत्य जो अलग-अलग समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को नुकसान पहुंचाए या शांति भंग करे), धारा 197 (1)(C) (किसी समुदाय के सदस्य को लेकर ऐसा बयान देना जिससे सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो) के तहत दर्ज की गई है.
शाह ने सोमवार को इंदौर जिले के एक प्रोग्राम के दौरान कर्नल कुरैशी का नाम लिए विवादास्पद बयान दिया था. यह बयान उस समय आया जब कर्नल सोफिया कुरैशी लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी जानकारी शेयर कर रही थीं. इस दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री और विंग कमांडर व्योमिका सिंह भी उनके साथ मौजूद थे.