)
Punjab News: पंजाब के मोहाली में एक कब्रिस्तान की जमीन पर बनी मस्जिद को लेकर पंजाब वक्फ बोर्ड और मस्जिद कमेटी आपस में भिड़ गए हैं. दरअसल, मस्जिद जिस कब्रिस्तान की जमीन पर बनी है, वह एक नेशनल हाईवे के साइड में है, इसलिए उस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये हो गई है. अब पंजाब वक्फ बोर्ड अपने सदस्यों को मस्जिद कमेटी के अंदर बिठाना चाह रहा है, इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है.
यह मामला पंजाब के मोहाली जिले के सेक्टर 109 के रायपुर कला गाँव की है. यहां एक कब्रिस्तान की जमीन पर आयशा मस्जिद बनी है. पंजाब वक्फ बोर्ड ने चेतावनी दी है कि अगर मस्जिद की इंतजामिया कमेटी में वक्फ बोर्ड के मेंबर्स को न डाला गया तो मस्जिद में ताला लगाया जाएगा.
वहीं, आयशा मस्जिद की इंतजामिया कमेटी इस मांग का विरोध कर रही है. आज जुमे की नमाज के बाद मस्जिद कमेटी ने प्रदर्शन किया और वक्फ बोर्ड के अधिकारी का पुतला लाए गए मगर उसे जलाया नहीं गया, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक मुसलमान को जलाया नहीं जाता. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर उनकी माँगें न मानी गई तो वे पुतला जलाने पर मजबूर हो जाएँगे.
मोहाली के DSP सिटी हरसिमरत सिंह बल्ल को मस्जिद कमेटी ने एक ज्ञापन भी सौंपा. पंजाब मुस्लिम डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व सदस्य डॉक्टर अनवर हुसैन ने बताया कि उनके गाँव का कब्रिस्तान हाईवे के पास है, इसलिए उसकी कीमत करोड़ों रुपये की है. उन्होंने कहा कि इसलिए इस पर बड़े अधिकारियों की नजर है. उन्होंने कहा कि लोगों ने खुद मस्जिद का निर्माण किया और मस्जिद को इंतजामिया कमेटी चला रही है.
डॉ अनवर ने कहा कि पंजाब वक्फ बोर्ड के चीफ एक्जिक्यूटिव ऑफिसर मस्जिद की इंतजामिया कमेटी में अपने मेंबर डालना चाहते हैं, जिसका विरोध किया जा रहा है. उन्होंने धमकी दी है कि अगर मेंबर न डाले गएँ तो वह इस कमेटी को भंग कर देंगे और नई कमेटी बनाएंगे. वक्फ बोर्ड ने मस्जिद पर ताला लगाने की भी धमकी दी है.
इस मामले पर मोहाली के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) हरसिमरन सिंह बल्ल ने बताया कि आज मस्जिद कमेटी द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि इंतजामिया कमेटी की ओर से उन्हें एक ज्ञापन डिप्टी कमिश्नर मोहाली और सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के नाम पर दिया गया है. उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि इनकी माँग पर विचार किया जाएगा.