)
नई दिल्ली: स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (SIO) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री की इस बयान की सख्त मज़म्मत की है कि भारत में मुसलमान कांग्रेस की वजह से हैं. एसआईओ ने इस बयान को बेहद घटिया, अपमानजनक और बांटने वाल करार दिया है कि देश में कांग्रेस है तो मुसलमान है, कांग्रेस नहीं तो आप कुछ नहीं हैं.
SIO ने मुख्यमंत्री से इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने की मांग की है.
गौरतलब है कि हैदराबाद में आगामी उपचुनाव के प्रचार के दौरान मंगलवार को जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी सभा को खिताब करते हुए कथित तौर पर मुख्यमंत्री ने ये बयान दिया था. एसआईओ की तेलंगाना इकाई ने बुधवार को कहा कि उनका भरोसा है कि किसी भी समुदाय की ताकत और मूल्य उसके अपने सिद्धांतों और एकता और अखंडता पर निर्भर करता है, न कि राजनीतिक शक्तियों के साथ पक्ष में खड़े होने या उनके संरक्षण पर. ऐसा बयान न सिर्फ सियासी तौर पर गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि पूरे मुस्लिम समुदाय के आत्मसम्मान और गरिमा का अपमान भी है.
एसआईओ ने कहा कि इस तरह के बयान सामंती सोच और वोट बैंक की मानसिकता को उजागर करती है. एक मुख्यमंत्री के जरिये पूरे समुदाय की पहचान पर एकाधिकार का दावा करने से लोकतांत्रिक और नैतिक मूल्यों का पतन दिखता है. छात्र संगठन ने मुतालबा किया है कि मुख्यमंत्री फ़ौरन अपने बयान वापस लें और इस गलती के लिए सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगें.
एसआईओ ने चुनाव आयोग से भी मांग की है कि वह ऐसी भड़काऊ और अलोकतांत्रिक टिप्पणियों को संजीदगी से संज्ञान ले, जो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना का उल्लंघन करती हैं.
भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने भी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेताओं और राजनीतिक दलों को इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि कोई इन्सान या धर्म उनकी वजह से जिन्दा और वजूद में है. भारत का संविधान सभी नागरिकों के लिए धार्मिक स्वतंत्रता को एक मौलिक अधिकार के तौर पर मान्यता देता है. बाबासाहेब आंबेडकर की दया से, अनुच्छेद 25 से 28 के अंतर्गत धार्मिक स्वतंत्रता संविधान की आत्मा में समाहित है. संविधान लोगों को अपने धर्म को स्वतंत्र रूप से मानने, आचरण करने और प्रचार करने की इज़ाज़त देता है. संविधान की प्रस्तावना में भारत को एक धर्मनिरपेक्ष राज्य घोषित किया गया है.
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam