)
Assam News: असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को ऐलान किया है कि असम पुलिस ने दिल्ली ब्लास्ट मामले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
क्या बोले असम के मुख्यमंत्री?
मुख्यमंत्री ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मत्तियुर रहमान (दरांग), हसन अली मंडल (गोलपाड़ा), अब्दुल लतीफ (चिरांग), वजहुल कमाल (कामरूप) और नूर अमीन अहमद (बोंगाईगांव) शामिल हैं.
उन्होंने लिखा,"उपरोक्त पांच व्यक्तियों को दिल्ली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार किया गया है. ये लोग इंटरनेट पर भड़काऊ सामग्री फैलाने के मुख्य आरोपी हैं. असम पुलिस सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर नफरत फैलाने या आतंकवाद को महिमामंडित करने वालों के खिलाफ सख्त और तेज कार्रवाई जारी रखेगी."
गुहावटी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाई
इस बीच, दिल्ली ब्लास्ट के बाद गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) प्लेटफॉर्म पर सघन जांच कर रही है. गौरतलब है कि सोमवार शाम दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास एक हुंडई i20 कार में हुए विस्फोट में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे.
इसी मामले में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) ने बुधवार को मुख्य संदिग्ध डॉ. उमर उन नबी की मां के डीएनए सैंपल लिए हैं. सूत्रों के मुताबिक, इन सैंपलों को आगे की जांच के लिए एम्स की फॉरेंसिक लैब भेजा गया है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध उमर को विस्फोट से पहले मुंबई एक्सप्रेसवे और कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर उसी i20 कार के साथ देखा गया था, इसके बाद वह दिल्ली की ओर बढ़ रहा था. एजेंसियां कार की गतिविधियों की पूरी जांच कर रही हैं.
सूत्रों ने बताया कि वाहन की टाइमलाइन से मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के कई अलग-अलग स्थानों से गुजरने की पुष्टि हुई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या उस समय कोई दूसरी कार भी उसके साथ चल रही थी.