)
Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बीते 10 सितंबर को अशहर दानिश को झारखंड से गिरफ्तार किया था. अब दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की अपील पर अशहर दानिश और कामरान कुरैशी की 12 दिन की रिमांड दे दी है. इस दौरान जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इन मुल्जिमों से पूछताछ करेगी. दोनों मुल्जिमों पर इल्जाम है कि ये आतंकवादी संगठन ISIS के संपर्क में थे.
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के डिप्टी मजिस्ट्रेट वंशिका मेहता ने जांच अधिकारी की दलीलें सुनने के बाद दोनों मुल्जिमों को 12 दिनों की रिमांड मंजूर की. हालांकि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोर्ट से 14 दिनों के लिए रिमांड की अपील की थी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुल्जिम अशर दानिश को झारखंड के रांची से और दूसरे मुल्जिम कामरान कुरैशी को मध्य प्रदेश के राजगढ़ से गिरफ्तार किया गया.
जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों मुल्जिम सोशल मीडिया के जरिए कम उम्र के नौजवानों को आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश कर रहे थे. इसी मामले में दोनों मुल्जिमों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों मुल्जिमों के पास से खतरनाक केमिकल भी बरामद किए गए हैं.
जांच अधिकारी ने बताया कि मुल्जिम दानिश और कामरान के पास से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुछ कैमिकल भी बरामद किए गए हैं. मुल्जिमों से उन केमिकल के बारे में पूछताछ की जा रही है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक दोनों मुल्जिमों के पास से सल्फर पाउडर, सल्फ्यूरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, एक पीएच वेइंग चेकर, बॉल बेयरिंग और आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, साथ ही तार, मदरबोर्ड, लैपटॉप, मोबाइल फ़ोन, हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं
बता दें कि मुल्जिम अशर दानिश और कामरान कुरैशी की ओर से दिल्ली पटियाला हाउस कोर्ट में वकील शहज़ाद आलम पेश हुए. वकील शहज़ाद आलम ने पुलिस की अपील के खिलाफ तर्क दिया और दोनों मुल्जिमों की रिमांड की मांग का विरोध किया. उन्होंने कहा कि बीते रोज़ भी दो अन्य मुल्जिमों की रिमांड मांगते समय पुलिस की ओर से यही दलीलें दी गई थीं. इसलिए उन्हें कस्टडी रिमांड नहीं दिया जाना चाहिए. हालांकि कोर्ट ने पुलिस और मुल्जिमों के वकील का पक्ष और तर्क सुनने के बाद 12 दिनों की रिमांड मंजूर की.