)
Rishikesh News Today: दिवाली से पहले पूरे भारत में पुलिस और फूड सप्लाई अधिकारियों के जरिये नकली पनीर, खोया और अन्य सामान पकड़े जाने की खबरें मिलती रही हैं. वहीं, अब उत्तर प्रदेश के देवबंद में नकली पनीर पकड़े जाने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग दक्षिणपंथियों के निशाने पर आ गए हैं. हैरान करने वाली बात यह कि हिंदूवादी संगठनों को नकली पनीर का पकड़ा जाना अभी तक सामान्य लग रहा था, लेकिन जैसे ही यह देवबंद में पकड़ा गया इसमें उन्हें 'जहर जिहाद' की साजिश नजर आने लगी है.
मिली जानकारी मुताबिक, उत्तराखंड के ऋषिकेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर से लदी दो गाड़ियों को पकड़ा है. यह पनीर उत्तर प्रदेश के देवबंद से यहां पहुंचा था. जांच में कथित नकली पनीर पाए जाने पर विभाग ने दोनों गाड़ियों की सीज कर दिया. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल जांच के लिए लिए हैं. सैंपल रुद्रपुर स्थित सरकारी लैब में भेजा जा रहा है.
अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट में अगर पनीर के नकली होने की पुष्टि होगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि एक संस्था की शिकायत पर उन्होंने एक बाइक और एक अन्य गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका. वाहनों की तलाशी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को साढ़े तीन क्विंटल पनीर बरामद हुआ है. यह पनीर नकली है या नहीं इसकी जानकारी करने के लिए पनीर के सैंपल जांच के लिए कलेक्ट किया गया है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस पनीर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुद्रपुर स्थित सरकारी लैब जांच के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट में अगर नकली पनीर होने की पुष्टि होगी तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. बताया जा रहा है कि पनीर सप्लाई कर रहा एक नौजवान पहले भी नकली पनीर के साथ पकड़ा जा चुका है. जिसके खिलाफ हरिद्वार की कोर्ट में मुकदमा चल रहा है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ऋषिकेश में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की बजाय हिंदूवादी संगठन ने कानून व्यवस्था जिम्मेदारी उठा ली है. यह बात खुद हिंदू संगठन से जुड़े अश्विनी कुमार ने की है. अश्विनी ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि ऋषिकेश में कुछ जहरीले पदार्थ से बना हुआ पनीर आ रहा है. अश्विनी ने दावा किया कि इसकी सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचा.
अश्विनी कुमार के मुताबिक, उसने और उसकी टीम ने गाड़ियों को पकड़ कर चेक किया. गाड़ी के अंदर बहुत बड़ी मात्रा में पनीर था. अश्विनी ने दावा किया कि पनीर से दुर्गंध आ रही थी. कीड़े चल रहे थे. हिंदूवादी संगठन के नेता ने आगे बताया कि उसने पकड़े गए ड्राइवरों से पूछताछ की. अल्पसंख्यक समुदाय का देखकर अश्विनी और उसके संगठन के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया.
अश्विनी कुमार ने दावा किया कि यह लोग जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं. हिंदूवादी संगठन के लोगों का कहना है कि यह पनीर नहीं जहर खिला रहे हैं. उनका कहना है कि यह 'जहर जिहाद' है. इसमें जितने दोषी बेचने वाले हैं, उससे ज्यादा दोषी पनीर लेने वाले भी हैं. हालांकि, हिंदूवादी संगठनों और विभाग के बयानों में विरोधाभास देखने को मिलता है.
विभाग कह रहा है कि जांच के बाद असली और नकली की पुष्टि होगी, जबकि हिंदू संगठनों का कहना है कि यह नकली ही है और इससे बदबू आ रही थी. देशभर में बड़ी मात्रा में नकली पनीर और खोया पकड़ा गया, जिसे पुलिस ने डंप कर दिया. वहीं, अब सहारनपुर के देवबंद से मिला कथित नकली पनीर को हिंदू संगठनों 'जहर जिहाद' का नाम देकर एक खास समुदाय को टार्गेट करने की कोशिश की है.