)
Pilibhit News Today: उत्तर प्रदेश में अल्पसंख्यकों को मजहबी जगहें और मदरसे निशाने पर हैं. आए दिन इनको लेकर हिंदूवादी संगठन बवाल करते रहते हैं. इसी तरह का एक हैरान करने वाला मामला प्रदेश के पीलीभीत जिले से सामने आया है. यहां दबंगों ने कानून को दरकिनार कर मस्जिद की जमीन अवैध ढंग से कब्जा करना शुरू कर दिया है.
मिली जानकारी मुताबिक, पीलीभीत जिले में शाही जामा मस्जिद ईदगाह इंतजामिया कमेटी ने गुरुवार (30 अक्टूबर) को सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में इंतजामिया ने आरोप लगाया है कि मस्जिद की संपत्ति पर कुछ लोगों ने गैरकानूनी कब्जा करने और निर्माण कराने की कोशिश की है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है.
मस्जिद इंतजामिया के जरिये दिए गए ज्ञापन के मुताबिक, शाही जामा मस्जिद का एक मकान मोहल्ला खखरा, आयुर्वेदिक कॉलेज रोड पर मस्जिद के पीछे मौजूद है. इस मकान में मुहम्मद नाजिम खान, नूर खान पुत्र मुहम्मद कासिम अपनी बीवी सलमा के साथ बतौर किरायेदार रह रहे हैं. आरोप है कि इन किरायेदारों ने मकान को हड़पने की नीयत से अपने साथी राजन कुमार (पुत्र नाथू लाल निवासी मोहल्ला खखरा) के नाम पर गैरकानूनी तरीके से मालिकाना हक के कुछ हिस्से का बैनामा करा दिया है.
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यह लोग अब राजन कुमार के साथ मिलकर मकान को तोड़कर अवैध रूप से नए सिरे से निर्माण करा रहे हैं, जबकि शाही जामा मस्जिद इंतजामिया बनाम मुहम्मद नाजिम खान के मामले में 3 अगस्त 2023 को सिविल जज (जूनियर डिवीजन) ने निर्माण पर स्टे ऑर्डर जारी किया था.
कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद आरोपी पक्ष जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कर मकान की बनावट बदल रहे हैं और उसे बेचने की साजिश कर रहे हैं. इंतजामिया का कहना है कि यह मस्जिद की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश है, जिससे मौके पर हालात तनावपूर्ण बन गए है.
इंतजामिया कमेटी ने बताया कि इस घटना से मुस्लिम समुदाय के लोगों में नाराजगी है. इंतजामिया ने प्रशासन से मांग की है कि शाही जामा मस्जिद की जमीन को कब्जे से मुक्त कराया जाए. साथ ही गैरकानूनी निर्माण को तत्काल रोका जाए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए.