)
Etah News Today: उत्तर प्रदेश में मुसलमानों को लगातार उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया जा रहा है. इन हमलों में अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, अब मुस्लिम प्रताड़ना की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 'चेहल्लुम' से लौट रहे दो मुस्लिम नौजवानों को चोरी का आरोप लगाकर बेरहमी से पिटाई की गई.
यह खौफनाक घटना एटा जिले के नयागांव थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. शुक्रवार को देर रात भीड़ ने दो मुस्लिम नौजवानों को पकड़ लिया और फिर चोरी के आरोप लगाकर बेरहमी से पिटाई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित नौजवानों को अपने साथ थाने ले आई.
यह मामला तब और बिगड़ गया जब भीड़ ने थाने में घुसकर पीड़ित मुस्लिम नौजवानों को सौंपने की मांग की. भीड़ में शामिल कुछ लोगों की अवैध मांग को मानने से जब पुलिस ने इंकार किया तो वह भड़क गए और फिर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. इस घटना मौके पर अफरा तफरी मच गई, जबकि स्थानीय मुसलमानों में दहशत फैल गई.
पीड़ितों में से एक, फहीम ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार फिरोज के साथ 'चेहल्लुम' की मजलिस से लौट रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और चोरी का आरोप लगाकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया. पीड़ित ने बताया कि "आरोपियों से हमने काफी मिन्नतें की और बार-बार कहते रहे कि हम चोर नहीं हैं, लेकिन किसी ने हमारी नहीं सुनी."
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक गश्ती टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई, लेकिन थाने के बाहर भीड़ और ज्यादा उग्र हो गई और मांग करने लगी कि दोनों को उन्हें सौंपा जाए. जब पुलिस ने इंकार किया तो भीड़ ने पथराव कर दिया, जिससे एक पुलिस की गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
हालात बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि "भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए." दोनों घायलों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और उनकी हालत अब स्थिर है.
द ऑब्जर्वर पोस्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है.