)
Film Haal controversy: फिल्म 'हाल' में बीफ बिरयानी खाने वाले सीन को लेकर फिल्म के निर्माता और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) विवाद खड़ा हो गया है. CBFC ने फिल्म हाल के निर्माता से कुछ सीन को हटाने के निर्देश दिए. इस निर्देश के खिलाफ 'हाल' फिल्म के प्रोड्यूसर जूबी थॉमस और डायरेक्टर मुहम्मद रफ़ीक केरल हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर दी.
केरल हाईकोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि वह शनिवार (25 अक्टूबर) को इस मलयालम फिल्म देखेगी. इस फिल्म को देखने के बाद केरल हाई कोर्ट 30 अक्टूबर को इस याचिका पर दोबारा सुनवाई करेगी.
फिल्म 'हाल' के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर ने कहा है, CBFC इस फिल्म से जिन सीन को हटाना चाहता है, वे कहानी के लिए बहुत ज़रूरी हैं. बता दें कि CBFC फिल्म 'हाल' के जिन सीन पर आपत्ति जाहिर की है और हटाने को कहा है, उन सीन में बीफ बिरयानी खाते हुए दिखाया गया है और एक किरदार के धार्मिक कपड़े दिखाने वाले सीन पर भी आपत्ति की जा रही है. साथ ही CBFC ने इस फिल्म में राखी वाले सीन को भी ब्लर करने का निर्देश दिया है.
वहीं, इस मामले पर कैथोलिक कांग्रेस ने दावा किया कि फिल्म 'हाल' में थमारास्सेरी बिशप हाउस का गलत ज़िक्र है और बिशप को डायोसीज़ की इजाज़त के बिना दिखाया गया है. कैथोलिक कांग्रेस ने यह भी कहा कि 'हाल' फिल्म से कथित आपत्तिजनक सीन हटाए बिना रीलिज करने पर ईसाई धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी, जिससे धार्मिक शांति भंग होगी.
गौरतलब है कि फिल्म 'हाल' के निर्माता ने केरल हाईकोर्ट को बताया कि यह फिल्म का कंटेंट कई सामाजिक मुद्दों को दिखाता है, लेकिन नफरत या हिंसा को नहीं भड़काता है. अब इस मामले पर केरल हाईकोर्ट आगामी 30 अक्टूबर को सुनवाई करेगी.