)
Film Sambhal Files: उदयपुर फाइल्स के बाद "संभल फाइल्स" बनाने का ऐलान किया गया है. इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गरमाहट बढ़ गई है. समाजवादी पार्टी के नेता और संभल से सांसद जिया उर रहमान बर्क ने इस फिल्म का विरोध किया और कहा कि पहले फिल्में मनोरंजन के लिए बनती थीं, लेकिन अब फिल्म में भी राजनीति घुस गई है.
दरअसल, फिल्म "उदयपुर फाइल्स" के प्रोड्यूसर अमित जानी ने ऐलान किया है कि वह अब संभल दंगों पर आधारित एक फिल्म बनाएंगे. उन्होंने इस फिल्म का नाम "संभल फाइल्स" रखा है. इस ऐलान के बाद संभल के सांसद जिया उर रहमान फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी पर भड़क गए. सांसद जिया उर रहमान ने कहा कि इस प्रकार की फिल्मों के जरिए समाज को धार्मिक आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है.
सांसद जिया उर रहमान ने फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी को चुनौती देते हुए कहा कि उनमें अगर दम है तो संभल की सच्चाई पर फिल्म बना कर दिखाएं. वहीं, सांसद जिया उर रहमान को जवाब देते हुए प्रोड्यूसर अमित जानी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया. अमित जानी ने पोस्ट में लिखा कि मौलाना मदनी के बाद संभल के छोटे बर्क को भी पेट में दर्द होने लगा. अमित जानी ने आगे लिखा कि सुनो अगले महीने हम सम्भल में ही शूटिंग करेंगे. उन्होंने आगे लिखा कि इस फिल्म में संभल और तुम्हारे अब्बा का पूरा सच दिखाएंगे.
गौरतलब है कि संभल में 24 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद सर्वे के दौरान पुलिस और मुस्लिम समुदाय के बीच हिंसा भड़क गई. इस दौरान 5 मुस्लिम समुदाय के नौजवानों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे. इस घटना में कुछ पुलिस वाले भी जख्मी हुए थे. इस हिंसा के बाद पुलिस पर कई गंभीर इल्जाम लगे थे. अब फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी इस दंगा पर आधारित फिल्म बनाने का ऐलान कर दिया है.
फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी ने उदयपुर हत्याकांड पर आधारित एक फिल्म उदयपुर फाइल्स बनाई थी. "उदयपुर फाइल्स" पर जमकर बवाल भी हुआ था. मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना था कि इस फिल्म में मुसलमानों और इस्लाम के खिलाफ प्रोपेगेंडा दिखाई जा रही है. आखिर में कोर्ट के आदेश पर "उदयपुर फाइल्स" फिल्म से कई आपत्तिजनक सीन को हटाया गया.