)
Farooq Abdullah on Delhi Blast: दिल्ली कार ब्लास्ट में मुख्य दोषी जम्मू-कश्मीर का रहने वाला उमर-उन नबी था. इस ब्लास्ट के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों को देश भर में शक की निगाहों से देखा जा रहा है. इससे आहत होकर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने लोगों से अपील की है कि वे जम्मू-कश्मीर के लोगों के दिल्ली कार ब्लास्ट की वजह से शक की निगाहों से न देखें.
नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि कश्मीरियों को किसी भी तरह की परेशानी और भेदभाव का सामना न करना पड़े. फारूक अब्दुल्ला ने इन घटनाओं के बाद कश्मीरियों के खिलाफ उठ रहे असहज माहौल पर चिंता जताते हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली कार ब्लास्ट जैसे आपराधिक कृत्य करने वाले लोग बहुत कम हैं और वे जम्मू-कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं.
डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह बहुत दुखद है कि कुछ गुमराह लोगों की हरकतों के कारण पूरे कश्मीरी समुदाय के खिलाफ शक और शत्रुता का माहौल बनता है. उन्होंने खासतौर पर उन कश्मीरी युवाओं की सुरक्षा की बात की, जो देश के अन्य हिस्सों में काम और पढ़ाई कर रहे हैं.
डॉ. अब्दुल्ला ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कश्मीरियों खास कर हमारे युवा जो अलग-अलग राज्यों में पढ़ाई और रोजगार के लिए गए हैं, वो सुरक्षित और संरक्षित महसूस करें. उन्होंने यह बताया कि कश्मीरियों ने हमेशा भारत के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. इसलिए उनकी इज्जत और सुरक्षा की रक्षा करना सभी सरकारों की जिम्मेदारी है.
डॉ. अब्दुल्ला ने सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के नेताओं से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन को निर्देशित करें कि कश्मीरियों के साथ किसी भी तरह के भेदभाव या टार्गेट करने की घटना होने पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बढ़ते तनाव के दौरान निर्दोष नागरिक शिकार न बने. फारूक अब्दुल्ला ने अपील की है कि हमें एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और हमे न्याय, निष्पक्षता को मार्गदर्शक सिद्धांत बनाना चाहिए.