Gaza News: गाजा में हालात गंभीर बने हुए हैं. रात भर इजराइल ने हमले किए हैं, जिसमें 19 लोगों की जान चली गई है. मरने वालों में बच्चों और औरतों की तादाद काफी ज्यादा है.
Trending Photos
)
Gaza News: गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी ने मंगलवार को कहा कि इजरायली हमलों में रातभर में फिलिस्तीनी इलाके में कम से कम 19 लोग मारे गए हैं. इजराइल लगातार हमले कर रहा है. सिविल डिफेंस स्पोकपर्सन महमूद बस्सल ने एएफपी को बताया कि नए इज़रायली हमलों में "कई बच्चों सहित 19 नागरिक शहीद हो गए" और दर्जनों दूसरे घायल हो गए.
बासल ने बताया कि डेर अल-बलाह में एक घर पर हुए हमले में पांच बच्चों और चार जवानों की मौत हुई है, जबकि उत्तर में गाजा सिटी और बेत लाहिया में भोर से पहले हुए दो अलग-अलग हमलों में कुल 10 लोग मारे गए हैं. इसके साथ ही खान यूनुस इलाके में पत्रकार के कैंप पर हमले में एक शख्स की मौत हुई है. हमास सरकार के मीडिया ऑफिस ने सोमवार को बताया था कि इसी हमले में एक स्थानीय समाचार एजेंसी के लिए काम करने वाले पत्रकार हिल्मी अल-फकावी की मौत हो गई, और नौ अन्य घायल हो गए हैं.
इस बीच इज़रायली सेना ने कहा कि हमले का टारगेट हमास आतंकवादी हसन अब्देल फतह मोहम्मद असलीह था, और दावा किया कि वह एक पत्रकार की आड़ में काम करता था और एक प्रेस कंपनी का मालिक है. इसमें कहा गया है कि असलिह ने इज़राइली इलाके में घुसपैठ की थी और 7 अक्टूबर, 2023 को हमास आतंकवादी संगठन के जरिए किए गए हत्याकांड में हिस्सा लिया था.
इजराइल ने 18 मार्च को गाजा पट्टी पर फिर से तेजी से हमले शुरू किए थे, जिससे हमास के साथ दो महीने का सीजफायर खत्म हो गया. सीजफायर को बहाल करने की कोशिश अब तक नाकामयाब रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक जब से सीजफायर खत्म हुआ है, तब से अब तक 1391 फिलिस्तीनियों की जान जा चुकी है. मरने वालों का आंकड़ा 50,752 पहुंच गया है.