)
Gaza: गाज़ा सिटी में इज़राइली सेना के बड़े जमीनी ऑपरेशन के बीच, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ़) ने मंगलवार को बड़ी वॉर्निंग दी है कि 10,000 से ज्यादा बच्चों को गंभीर कुपोषण के इलाज की ज़रूरत है. यूनिसेफ़ की प्रवक्ता टेस इंग्रैम, जो दक्षिणी गाज़ा के अल-मवासी क्षेत्र में मौजूद हैं, उन्होंने कहा, "गाज़ा सिटी से परिवारों का जबरन और बड़े पैमाने पर विस्थापन सबसे कमजोर लोगों के लिए घातक खतरा है."
इंग्रैम ने जिनेवा में युनाइटेड नेशन्स की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गाज़ा पट्टी में कुल मिलाकर 26,000 बच्चों को गंभीर कुपोषण के इलाज की जरूरत है, जिनमें से 10,000 से ज्यादा बच्चे केवल गाज़ा सिटी में हैं. उन्होंने कहा कि अगस्त में किए गए स्टडी में गाज़ा पट्टी में हर आठ में से एक बच्चा गंभीर कुपोषण से पीड़ित पाया गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है.
इंग्रैम के मुताबिक, गाज़ा सिटी के पोषण केंद्रों को इस हफ्ते बंद करना पड़ा, क्योंकि वहां मिलिट्री कार्रवाई और निकासी के आदेश जारी किए गए. हालांकि इज़राइली सेना का दावा है कि दक्षिण के अल-मवासी क्षेत्र में जाने वालों को भोजन, तंबू और दवाएं उपलब्ध होंगी, लेकिन युद्ध शुरू होने के लगभग दो साल बाद भी इज़राइल ने इन 'मानवीय क्षेत्रों' पर बार-बार हमले किए हैं.
इंग्रैम ने कहा,"यह अमानवीय है कि लगभग पांच लाख बच्चों से उम्मीद की जाए कि वे 700 दिनों से लगातार चल रहे युद्ध के बीच एक नर्क से भागकर दूसरे नर्क में जाएं."
युनाइडेट नेशन्स के मुताबिक, गाज़ा सिटी और आसपास के इलाके की कुल लगभग 10 लाख आबादी में से 40 फीसद लोग विस्थापित हो चुके हैं. इज़राइली सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, 14 अगस्त से अब तक 1.5 लाख लोग गाज़ा सिटी से दक्षिण की ओर भाग चुके हैं. यूनिसेफ़ की ज़मीनी टीम का कहना है कि अभी भी कई लोग गाज़ा सिटी और उसके आसपास फंसे हुए हैं और उन्हें कहीं और सुरक्षित जगह नहीं मिल पा रही है.