Gaza News: इजराइल डिफेंस फोर्स ने नॉर्थ इलाके में रह रहे फिलिस्तीनियों को वॉर्निंग की दी है कि वह इलाका छोड़ दें, वरना उनके लिए ये अच्छा नहीं होगा. अब फिलिस्तीनी अपना सामान उठाकर साउथ की तरफ जा रहे हैं.
Trending Photos
)
Gaza News: इजरायली सेना (IDF) ने उत्तरी गाजा पट्टी के निवासियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने इलाके खाली कर दें, क्योंकि वहां मिलिट्री ऑपरेशन और तेज़ होने जा रहा है. यह आदेश गुरुवार को जारी किया गया, जिसमें बैत लाहिया, जबालिया, जबालिया शरणार्थी शिविर और गाजा सिटी के उत्तरी इलाकों को शामिल किया गया है. इन इलाकों में बीते कुछ दिनों में इजरायल के जरिए भारी हवाई हमले किए गए हैं, जिसमें कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई बार स्थानीय लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है.
IDF के प्रवक्ता अविचाय अद्रई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "IDF आपके इलाकों में मिलिट्री कार्रवाई को काफी बढ़ाने जा रही है. आप जिन इलाकों में हैं, वे खतरनाक जंग के इलाके घोषित किए गए हैं. आपकी सुरक्षा के लिए तुरंत दक्षिण की ओर निकल जाएं." उन्होंने यह भी दावा किया कि इन इलाकों में उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं.
इस बीच, इजरायल ने 'ऑपरेशन गिडिऑन्स चारियट्स' नामक एक बड़ा मिलिट्री ऑपरेशन शुरू किया है, जो कि 19 महीने से चल रहे युद्ध को एक नए चरण में ले गया है. इस ऑपरेशन का मकसद हमास को पूरी तरह से हराना, गाजा में फंसे 58 बंधकों को छुड़ाना, और गाजा पट्टी पर सैन्य नियंत्रण बनाए रखना बताया गया है. इजरायली सूत्रों के अनुसार, इस ऑपरेशन के तहत स्थानीय आबादी को दक्षिण की ओर विस्थापित किया जाएगा.
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर 2023 से अब तक 53,655 से अधिक फिलिस्तीनियों की जान जा चुकी है. वहीं, अस्पतालों की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटे में 100 से ज्यादा लोग मारे गए हैं.
IDF ने 19 मई को दक्षिणी गाजा स्थित खान यूनिस के निवासियों को भी इलाके खाली करने का निर्देश दिया था. सेना ने लोगों को अल-मवासी नामक तटीय क्षेत्र की ओर जाने को कहा है, जिसे अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जा रहा है. IDF के अनुसार, खान यूनिस और आसपास के इलाके अब 'खतरनाक युद्ध इलाके' बनते जा रहे हैं. इसके तहत बनी सुहैला और अबसान जैसे इलाके भी आते हैं.