)
Gopalganj Murder News Today: बच्चे का जन्म पिता के लिए सबसे बड़ी खुशी होता है, लेकिन बिहार के गोपालगंज में एक हैवान पिता ने इस रिश्ते को शर्मसार कर दिया. यहां एक पिता ने अपने ही 12 दिन के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को दफना कर फरार हो गया. जब इस घटना की जानकारी मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई.
घटना गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के टेकनिवास गांव की है. मिली जानकारी के मुताबिक, दाऊद मियां का प्रीति कुमारी से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बीच प्रीति गर्भवती हो गई. गर्भ ठहरने के छह माह बाद दाऊद ने उससे शादी कर ली. शादी के कुछ ही महीने बाद प्रीति ने बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे के जन्म के 12 दिन बाद दाऊद ने अपने मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर शव को दफना दिया और फरार हो गया.
मृतक की मां प्रीति कुमारी ने दावा किया कि मेरे पति ने मेरे बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी है. वह बच्चे को पसंद नहीं करते थे और मुझे छोड़ना नहीं चाहते थे. पीड़िता के मुताबिक, उसके पति उसे छोड़ना चाहते थे, इसलिए उसने बच्चे की हत्या कर दी, जिससे उसे छोड़ने में आसानी हो. बच्चे की हत्या के बाद दफन कर दाऊद फरार हो गया. पीड़िता ने कहा कि इस मामले में उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है.
पुलिस ने घटना की पुष्टि की है. सिधवलिया एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के टेकनिवास गांव में एक बच्चे की मौत की खबर मिली है. इस मामले में बच्चे की मां की तरफ से एक शिकायतपत्र मिला है. उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार मामले को संदिग्ध मानते हुए बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.