)
Mumbai News Today: मुंबई के गोवंडी इलाके में शनिवार (1 नवंबर) सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. जहां 25 साल के नारियल विक्रेता मीर कासिम एनुल नदाब की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए पैसे लूटने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था.
यह घटना गोवंडी के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र की है. आरोपी की पहचान साजिद कुरैशी उर्फ महफूज उर्फ सैफू चिकना (23) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 135 (चोरी) और 37(1)(A) (साझा इरादा बनाकर अपराध) के तहत केस दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक मीर कासिम झारखंड के रहने वाले थे और मुंबई के गोवंडी में अपने भाई अल्ताफ नदाब और चचेरे भाइयों के साथ रहते थे. परिवार नारियल पानी का कारोबार करता था. उन्होंने गोवंडी रोड नंबर 6 पर बीएमसी स्कूल गेट के पास एक छोटा गोदाम किराए पर लिया था, जहां रोजाना ट्रक से नारियल की खेप आती थी. मीर कासिम व्यापार की देखरेख करते थे और अक्सर 50 से 80 हजार रुपये नकद अपने पास रखते थे.
घटना वाली रात यानी शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे कासिम ट्रक से नारियल लेने के लिए घर से निकले थे. करीब एक घंटे बाद भी जब उन्होंने फोन नहीं उठाया, तो उनके भाई अल्ताफ और चचेरे भाई उन्हें ढूंढने निकले. बीएमसी स्कूल गेट के पास उन्होंने कासिम को खून से लथपथ बेहोश पड़ा पाया.
परिवार के लोग तुरंत उन्हें नूर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद कासिम को मृत घोषित कर दिया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उनके सीने पर चाकू से वार किया गया था और गला रेत दिया गया था.
पुलिस ने घटना के बाद इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी सैफू चिकना स्पष्ट रूप से दिखाई दिया. वीडियो में देखा गया कि सैफू, कासिम का पीछा करता हुआ जा रहा था. जब कासिम शौच के लिए दो गाड़ियों के बीच रुके, तो आरोपी ने पीछे से चाकू निकालकर हमला कर दिया. वारदात के बाद वह बैंगनवाड़ी रिक्शा स्टैंड की ओर भाग गया.
फुटेज में यह भी दिखा कि कासिम खून से लथपथ हालत में लड़खड़ाते हुए गोदाम की ओर बढ़े और कुछ ही देर बाद स्कूल गेट के पास गिर पड़े. पुलिस ने सीसीटीवी और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में सैफू ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि नशे की लत के कारण पैसे चुराने के इरादे से उसने कासिम की हत्या की. पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू और कुछ नकदी भी बरामद की है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.