)
Haj Installment Deadline: इस साल हज एप्लीकेशन जमा करने की प्रक्रिया पहले से ही शुरू हो गई थी. इसका फायदा यह रहा कि हाजियों को उनके आवेदनों के मंज़ूर होने की सूचना पहले ही मिल गई, जिससे उन्हें तैयारी के लिए ज्यादा वक्त मिल गया. हालांकि, बड़ी संख्या में हाजियों को अभी भी पैसे जमा करने में देरी हो रही है. वहीं, भारतीय हज कमेटी ने सभी चयनित हाजियों के लिए हज खर्च की दूसरी किस्त जमा करने की तारीख घोषित की है.
कमेटी ने 14 अक्टूबर को सूचना जारी करते हुए बताया कि दूसरी किस्त 1 लाख 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से 31 अक्टूबर तक जमा करनी होगी. लेकिन अब भी सैकड़ों हाजी पहली किस्त भी जमा नहीं कर पाए हैं. सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही ऐसे हाजियों की संख्या 1100 से ज़्यादा बताई जा रही है. समिति के एक अधिकारी ने कहा कि “हम उन हाजियों के अनुरोधों पर विचार कर रहे हैं जिन्होंने अभी तक पहली किस्त नहीं दी है. अगर उनके पास उचित कारण है, तो उन्हें मौका दिया जाएगा.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, हज की प्रक्रिया रबी-उल-अव्वल से शुरू होती थी और जमादि-उल-अव्वल तक आवेदन स्वीकार किए जाते थे. फिर लॉटरी और चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रजब या शाबान के महीने में भुगतान लिया जाता था. लेकिन इस बार पूरा कार्यक्रम लगभग तीन महीने पहले ही शुरू कर दिया गया. हज समिति के अधिकारियों का कहना है कि पैसे जल्दी जमा करवाने का उद्देश्य तैयारी को आसान बनाना है ताकि समय पर टिकट, वीज़ा और आवास जैसी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें.
सभी हाजियों को किया गया है इंफोर्म
समिति ने सभी चयनित हाजियों से अपील की है कि वे पहली और दूसरी किस्तें समय पर जमा करें. भुगतान बैंक या ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है. बैंक विवरण समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और हाजियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस के जरिए जानकारी भेजी जा चुकी है.