Hajj Pilgrims from Rajasthan: हज, इस्लाम का एक अहम अरकान है. साल 2026 के लिए हज का सफर जल्द ही शुरू होने वाला है. इस साल राजस्थान से 4584 आजमीने हज 20 अप्रैल से रवाना होंगे. मक्का-मदीना जाने से पहले वे अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचकर दुआ और जियारत कर रहे हैं.
Trending Photos
)
Hajj 2026: इस्लाम में हज को सबसे मुकद्दस फर्ज माना गया है, जिसे हर सक्षम मुसलमान अपनी जिंदगी में कम से कम एक बार पूरा करने की ख्वाहिश रखता है. मक्का मुकर्रमा और मदीना शरीफ की सरजमीं पर जाना सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि रूहानी सुकून और अल्लाह की बंदगी का सबसे बड़ा जरिया माना जाता है. इसी पाक सफर की तैयारी में जुटे राजस्थान के हजारों आजमीने हज इन दिनों पूरे अकीदत और उत्साह के साथ अपनी रवानगी का इंतजार कर रहे हैं.
हज 2026 के लिए पूरे राजस्थान से कुल 4584 आजमीने हज 20 अप्रैल से अपने इस मुकद्दस सफर पर निकलना शुरू हो जाएंगे. मक्का मुकर्रमा और मदीना शरीफ रवाना होने से पहले राज्य के अलग-अलग शहरों और जिलों से आजमीने हज अजमेर शरीफ दरगाह पहुंच रहे हैं, जहां वे दुआ और जियारत कर रहे हैं.
इसी सिलसिले में बदनौर कस्बे से भी आजमीने हज का एक डेलीगेशन अजमेर शरीफ पहुंचा. यहां उन्होंने ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह के दरबार में हाजिरी दी. दरगाह में पहुंचकर सभी आजमीने हज ने अकीदत की चादर और फूल पेश किए और अपने हज के सफर की कामयाबी के लिए दुआ मांगी.
यह भी पढ़ें: हज के लिए उन्नाव से मक्का तक पैदल निकले कामरानुद्दीन, अजमेर शरीफ में मांगी कामयाबी की दुआ
बदनौर से आए इस डेलीगेशन में स्थानीय निवासी इकबाल खान, मास्टर अहमद नूर, मोहम्मद वसीम और उनके परिवार के सदस्य शामिल थे. उनके साथ आए मौलाना अब्दुल लतीफ ने बताया कि बदनौर से आजमीने हज की रवानगी 22 अप्रैल को होगी. उन्होंने कहा कि सभी आजमीने हज बेहद खुश हैं कि उन्हें इस्लाम के फर्ज को अदा करने का मौका मिल रहा है.
आजमीने हज का कहना है कि ख्वाजा गरीब नवाज की दुआओं की बदौलत ही उन्हें इस पाक और मुकद्दस सफर का मौका मिला है. उन्होंने बताया कि वे कई सालों से हज पर जाने की नीयत रखते थे, लेकिन अब 2026 में जाकर उनकी यह ख्वाहिश पूरी हो रही है. दरगाह में उन्होंने इस उम्मीद के साथ दुआ की कि उनका हज शरीयत के मुताबिक आसानी से पूरा हो और अल्लाह उनके इस अमल को कुबूल फरमाए.
गौरतलब है कि इस साल राजस्थान से हज पर जाने वाले 4584 लोगों में से 3480 आजमीन जयपुर हवाई अड्डे से अपनी उड़ान भरेंगे. वहीं अजमेर शहर से भी 198 आजमी 20 अप्रैल से जयपुर एयरपोर्ट के जरिए अपने सफर की शुरुआत करेंगे. पूरे प्रदेश में इस वक्त हज को लेकर खासा उत्साह और खुशी का माहौल है. आजमीने हज अपने इस पाक सफर से पहले दुआओं और इबादत में जुटे हुए हैं, ताकि उनका यह सफर कामयाब रहे और दुआएं कबूल हों.
यह भी पढ़ें: Guwahati News: तंगहाली में जीने वाली गरीब हलीमा बनी 10वीं की एग्जाम की टॉपर