Supreme Court on Banbhoolpura Railway Land Case: हल्द्वानी के बनभूलपुरा में रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर शहर में सुरक्षा सख्त कर दी गई है. पुलिस ने उपद्रव की आशंका में कई लोगों को हिरासत में लिया है. फैसले से पहले प्रशासन किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए हर स्तर पर तैयार है.
Trending Photos
)
Haldwani News Today: उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में रेलवे भूमि अतिक्रमण से जुड़े मामले में आज मंगलवार (2 दिसंबर) को सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला आने की उम्मीद है. फैसले से पहले पुलिस ने कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है. सोमवार (1 दिसंबर) देर रात पुलिस ने उपद्रव की आशंका के चलते 21 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि कुल 121 लोगों पर कार्रवाई की गई है. पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते थे.
फरवरी 2024 में बनभूलपुरा में सरकारी जमीन पर बने एक मदरसे को ध्वस्त करने पहुंची पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा था. उस दौरान भीड़ हिंसक हो गई और उन्होंने थाना परिसर में आग लगा दी थी. इस हिंसा में सात लोगों की मौत हुई थी. घटना के बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वहीं, मामला अब सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और इनमें से कई आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं.
शहर की सुरक्षा स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस प्रशासन फुल अलर्ट मोड में है. सोमवार को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा और एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल की अगुवाई में बड़े पैमाने पर सघन अभियान चलाया गया. अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए 21 लोगों में छह ऐसे आरोपी भी शामिल हैं जो पहले बनभूलपुरा हिंसा के मामले में जेल जा चुके हैं.
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनभूलपुरा के संवेदनशील इलाकों में सात ड्रोन तैनात किए गए हैं. साथ ही शहर में 12 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम में लगातार निगरानी रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि कैमरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को देखते ही तुरंत नजदीकी पुलिस टीम को सतर्क कर कार्रवाई की जाएगी.
इसके अलावा पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक, अगर कोई शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है तो उस पर तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसी बीच रेलवे की बची हुई जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर भी बड़ा फैसला आ सकता है. सुप्रीम कोर्ट आज इस मामले पर सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण आदेश जारी कर सकता है, जिसको लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: बरेली में 'इन्साफ' की जगह 'इनसाइडर लिस्ट'? तौकीर रजा के करीब हुए तो बारातघर भी गुनहगार!