)
Hamirpur News Today: उत्तर प्रदेश में लगातार सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में अल्पसंख्यक समुदाय पर कार्रवाई का दौर जारी है. इसी तरह का मामला हमीरपुर जिले से सामने आया है. यहां सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के जरिये धार्मिक माहौल बिगाड़ने और बिना इजाजत जुलूस निकालकर सांप्रदायिक तनाव फैलाने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है.
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है और स्थानीय कांग्रेस के नेता समेत आधा दर्जन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सोमवार (29 सितंबर) को पुलिस को जुलूस निकालने की सूचना मिली थी, जिसमें बताया गया कि कुछ लोग झूठी अफवाहें फैलाकर, जुलूस निकालने जा रहे हैं.
यह पूरा मामला हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली थाना क्षेत्र का है. यहां के थाना प्रभारी विनेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बिंवार थाना क्षेत्र के हिमौली गांव निवासी मोहम्मद सैफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भड़काऊ पोस्ट डालकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है. आरोप है कि मोहम्मद सैफ ने अपने स्टेटस में लोगों से बड़े चौराहे पर पानी की टंकी के पास इकट्ठा होने की अपील की थी.
मिली जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद कैफ इस समय सऊदी अरब में रहता है. पुलिस ने जब इस मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि कई लोग वहां जुटे हुए हैं. इनमें सलीम अहमद, आरिफ कुरैशी, मोहम्मद अहसान, अरमान, फर्रु और इमरान रफीक समेत कई लोग मौके पर मौजूद थे. पुलिस ने दावा किया कि इनकी मौजूदगी और सरगर्मियों से इलाके में धार्मिक उन्माद फैलने और शांति भंग होने की संभावना थी.
इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भड़काऊ पोस्ट डालने वाले मोहम्मद सैफ समेत सभी नामजद लोगों और अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर सऊदी अरब में रह रहे मोहम्मद सैफ ने किस मंशा से ऐसा भड़काऊ पोस्ट डाला.
मौदहा सीओ विनीता पहल ने बताया कि बीते 29 सितंबर अलग-अलग सूत्रों से थाना मौदहा को सूचना मिली कि कुछ लोग बगैर इजाजत के झूठी अफवाहें फैलाकर जुलूस निकालने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे में शांति व्यवस्था के मद्देनजर त्वरित संज्ञान लेते हुए ससंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.