)
Hapur News Today: उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिकता बढ़ती जा रही है. किसी भी विवाद सांप्रदायिक शक्तियां लगातार धर्म से जोड़कर पेश करने की कोशिश करती हैं. इसी तरह का एक मामला हापुड़ जिले से सामने आया है. जहां नौजवानों के मामूली विवाद को धार्मिक रंग देने की कोशिश की जा रही है.
यह पूरा मामला हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह रोड का है. यहां समुदाय विशेष से ताल्लुक रखने वाले नौजवानों का एक अन्य समुदाय के नौजवान से विवाद हो गया. इसके बाद आरोपियों ने एक नौजवान की पिटाई कर दी है. जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं. जिसमें करीब आधा दर्जन से ज्यादा लड़के एक नौजवान को बेरहमी से पीटते हुए दिखाई पड़ रहे हैं.
घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. पुलिस पीड़ित नौजवान से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है. दूसरे समुदाय के घायल नौजवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, हापुड़ का रहने वाला एक नौजवान बीती शाम को नगर कोतवाली क्षेत्र में ईदगाह रोड से गुजर रहा था. तभी किसी बात को लेकर वहां खड़े दूसरे समुदाय के नौजवानों से उसका विवाद हो गया. देखते-देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि समुदाय विशेष के एक नौजवान को कथित पीड़ित नौजवान ने थप्पड़ मार दिया. इससे नाराज समुदाय विशेष के नौजवानों ने उस लड़के की पिटाई कर दी.
मारपीट के घटना की मौके पर किसी ने वीडियो बना ली. जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि कथित पीड़ित नौजवान बचकर भागने की कोशिश कर रहा है, लेकिन आरोपी लड़के लगातार उसकी पिटाई कर रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि मौके पर खड़े लोग नौजवान को बचाने की जगह तमाशा देख रहे हैं.
बताया जा रहा है कि पिटाई की वजह से नौजवान घायल हो गया है. इस पूरी घटना की कथित पीड़ित नौजवान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने नौजवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.