)
Haryana News: हरियाणा के पानीपत जिले में क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) ने एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान नौमान इलाही के तौर पर हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कैराना का रहने वाला है. पुलिस के सोर्सेज के मुताबिक, नौमान पाकिस्तान में मौजूद आतंकी इकबाल को देश से जुड़ी संवेदनशील और खुफिया जानकारियां व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया ऐप के जरिए से भेज रहा था.
पानीपत पुलिस ने नौमान को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया है, जहां वह पिछले कुछ समय से रह रहा था. इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने कहा कि एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए उससे गहन पूछताछ की जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस केस से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया है.
सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पानीपत की CIA यूनिट युवक से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. शुरुआती जांच में सामने आया है कि नौमान इलाही लंबे वक्त से पाकिस्तान के आतंकी संपर्कों के साथ जुड़ा हुआ था और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पंजाब के मलेरकोटला से भी दो पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार किए गए थे. अब पानीपत में पकड़ा गया यह जासूस उनके नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है. हरियाणा पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई हैं.